कंपिल/फर्रुखाबाद/
उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के कंपिल थाना क्षेत्र अंतर्गत निजामुद्दीनपुर गांव में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक 42 वर्षीय युवक का शव बंद कमरे में फंदे से लटकता हुआ पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सुबह दरवाजा न खुलने पर हुआ खुलासा मृतक की पहचान 42 वर्षीय आफताब के रूप में हुई है, जो अविवाहित था। बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब पांच वर्षों से गांव में ही मुसाहिद नामक व्यक्ति के मकान में अकेला रह रहा था। घटना का खुलासा सुबह लगभग 8 बजे हुआ। गांव के कुछ बच्चों ने जब आफताब के मकान का दरवाजा खटखटाया और अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद मृतक के भतीजे शिबू ने मकान की दीवार में बने एक छेद से अंदर झांककर देखा, तो आफताब का शव कमरे में खिड़की के सहारे फंदे से लटकता हुआ दिखाई दिया।
छत के रास्ते घर में दाखिल हुई पुलिस भतीजे ने तुरंत इसकी सूचना आफताब के भाई मुस्तकीम और परिवार के अन्य सदस्यों को दी। परिजनों की सूचना पर उपनिरीक्षक दिनेश कुमार और उमेश कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। चूंकि मकान का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था, इसलिए पुलिस को सीढ़ी लगाकर छत के रास्ते से घर के अंदर प्रवेश करना पड़ा।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके की बारीकी से पड़ताल की और जरूरी नमूने एकत्र किए। पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरा और उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
मृतक आफताब अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके दो बड़े भाई खुर्शीद और मुस्तकीम हैं। इस पूरे मामले को लेकर थानाध्यक्ष नितिन कुमार ने बताया,”परिजनों द्वारा हमें आत्महत्या की सूचना दी गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के स्पष्ट कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहनता से जांच की जा रही है।”
पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
