मलावन पावर प्लांट में भूकंप से बचाव हेतु मॉक ड्रिल का आयोजन, आपदा प्रबंधन टीम ने दिए महत्वपूर्ण प्रशिक्षण
एटा ।
जिलाधिकारी प्रेमरंजन सिंह द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वावधान में जनपद के मलावन स्थित पावर प्लांट में भूकंप से बचाव एवं आपदा प्रबंधन के संबंध में एक विशेष मॉक ड्रिल (अभ्यास) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन एवं कार्मिकों को भूकंप जैसी आपदा की स्थिति में सतर्कता एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करना रहा।
मॉक ड्रिल के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं विशेषज्ञों द्वारा भूकंप आने की स्थिति में अपनाई जाने वाली आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि भूकंप के दौरान घबराएं नहीं, सुरक्षित स्थान पर शरण लें, भारी वस्तुओं से दूर रहें तथा खुले स्थान की ओर सुरक्षित तरीके से निकलें।
इस अवसर पर प्रेम धवन महाप्रबंधक जवाहर तापीय मलावन , कमांडेंट जसवीर सिंह , अखिलेश चंद मिश्रा स0 कमांडेंट, SS Mandal, नारायण देव, थाना अध्यक्ष मलावन अपनी पूरी टीम के साथ उपस्थित रहे , जिला आपदा विशेषज्ञ राणा प्रताप सिंह द्वारा प्रतिभागियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। उन्होंने मॉक ड्रिल के माध्यम से आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया, सुरक्षित निकासी (इवैक्यूएशन) एवं प्राथमिक उपचार के महत्व पर विशेष बल दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आपदा के समय जनहानि को न्यूनतम करने में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं। सभी प्रतिभागियों से अपील की गई कि वे प्राप्त जानकारी को अपने दैनिक जीवन में अपनाएं एवं अन्य लोगों को भी जागरूक करें।
मॉक ड्रिल के दौरान पावर प्लांट के कार्मिकों सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।
