फर्रुखाबाद |
बिजली चोरी करने वाले दबंगों ने चेकिंग के दौरान जूनियर इंजीनियर की जमकर पिटाई कर दी। 33/11 केवीए उपकेंद्र डिवीजन फतेहगढ़ के अवर अभियंता मुख्तार हुसैन एवं विद्युत नगरीय उपखण्ड प्रथम फतेहगढ़ में उपखण्ड अधिकारी अजय कुमार ने सामूहिक रूप से रिपोर्ट दर्ज करने के लिए कोतवाली फतेहगढ़ में शिकायती पत्र दिया है।
घटना के मुताबिक अवर अभियंता मुख्तार हुसैन उपखण्ड अधिकारी अजय कुमार के साथ आज दिन के 2 बजे लोको रोड पर बरसाती गैरेज के पास बिजली चोरी की शिकायत मिलने पर जांच करने गए थे। जांच के दौरान बिजली चोरी पकड़े जाने पर जेई चोरी के साक्ष्य एकत्र करने की कार्रवाई कर रहे थे। तभी भवन के मुखिया सुभाष चन्द्र अहिरवार व उनके पुत्र रजत आदि परिजनों ने जांच कार्रवाई का विरोध करते हुए अवर अभियंता मुख्तार हुसैन को पकड़ लिया। गाली-गलौज और पिटाई करते हुए उन्हें जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से जमकर पीटा।
उसी दौरान जेई के कागजात भी छीन लिए गए।शिकायती पत्र में जेई ने कहा है कि पिटाई में गंभीर चोटें लगी हैं। आंख में चोट का निशान है और दाहिना हाथ फ्रैक्चर हो गया है। उन्होंने बताया कि वह हार्ट के मरीज हैं। पिटाई की घटना को देखने के लिए काफी भीड़ एकत्र हो गई।
विभागीय कर्मचारी की पिटाई किए जाने से विद्युत विभाग के कर्मचारियों में जबरदस्त रोष व्याप्त हो गया। कर्मचारियों ने हमलावरों को तुरंत गिरफ्तार किए जाने की मांग की है।

