मोहम्मदाबाद/फर्रुखाबाद |
जिले के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक दामाद पर उसके ही ससुराल वालों ने बीच सड़क पर जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि जब उसने अपनी जान बचाकर भागने की कोशिश की, तो उसकी कार पर पथराव किया गया और फायरिंग भी की गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
कार में सो रहे युवक पर बोला धावा जानकारी के अनुसार, नेकपुर चौरासी के रहने वाले पीड़ित विकास यादव ने पुलिस को दी गई अपनी लिखित शिकायत में बताया है कि वह 5 अप्रैल को मोहम्मदाबाद में अपनी ई-रिक्शा फ्रेंचाइजी से बकाया पैसे लेने गए थे। रात में अचानक मौसम खराब हो जाने के कारण उन्होंने इटावा-बरेली हाईवे पर स्थित नीम करोली ढाबे पर खाना खाया और वहीं अपनी कार में ही सो गए।
विकास का आरोप है कि अगली सुबह 6 अप्रैल को तड़के करीब 5:30 बजे उनकी पत्नी (जो फतेहगढ़ की रहने वाली हैं) अपने परिवार वालों के साथ ढाबे पर आ धमकी। वहां पहुंचते ही ससुराल पक्ष के लोगों ने विकास के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और जमकर मारपीट की।
जान बचाने के लिए भगाई गाड़ी, तो की गई फायरिंग
शिकायतकर्ता के मुताबिक, अचानक हुए इस हमले से घबराकर जब उसने अपनी गाड़ी वहां से भगाने का प्रयास किया, तो हमलावरों ने उसकी हत्या करने की नीयत से कार पर बड़े पत्थर फेंके। बात यहीं नहीं रुकी, विकास ने आदित्य यादव नाम के शख्स पर उसकी गाड़ी को निशाना बनाते हुए फायरिंग करने का भी गंभीर आरोप लगाया है।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, कोर्ट में चल रहा है पुराना विवाद
पीड़ित विकास यादव ने बताया कि उसके और ससुराल पक्ष के बीच पहले से ही न्यायालय में एक मुकदमा विचाराधीन है। इसी रंजिश के चलते यह जानलेवा हमला किया गया है। अपनी बात को साबित करने के लिए विकास ने पुलिस को घटना स्थल के सीसीटीवी फुटेज भी सौंपे हैं। इन फुटेज में हमलावर स्पष्ट रूप से हाथों में लाठी-डंडे और पत्थर लेकर हमला करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
क्या कहती है पुलिस………..?
इस पूरी घटना को लेकर मोहम्मदाबाद कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला ने पुष्टि की है कि उन्हें पीड़ित की ओर से शिकायती प्रार्थना पत्र मिल चुका है। उन्होंने कहा, “मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा घटना की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
