मलावन टोल प्लाजा पर चला सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान, वाहनों पर लगाए रिफ्लेक्टर टेप
जनरल फोर्स ब्यूरो
एटा। यातायात जागरूकता माह नवंबर-2026 के तहत मंगलवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-34 स्थित मलावन टोल प्लाजा पर सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वाहन चालकों, टोल प्लाजा कर्मचारियों और हाईवे एंबुलेंस कर्मियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित सफर का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान हाईवे से गुजरने वाले वाहनों के आगे और पीछे रिफ्लेक्टर टेप लगाए गए, ताकि रात के समय और कम दृश्यता की स्थिति में वाहन आसानी से दिखाई दे सकें और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। इसके साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
वहीं, बिना हेलमेट, तीन सवारी और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई भी की गई। अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।
इस अवसर पर नोडल अधिकारी यातायात सच्चिदानंद, यातायात प्रभारी अब्दुल कादिर, निरीक्षक यातायात अनिल कुमार वर्मा, सीटी टीम प्रभारी विपिन भाटी तथा नेशनल हाईवे मैनेजर सुनील कुमार राय सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
