कमालगंज/फर्रुखाबाद/
थाना क्षेत्र के ग्राम बसा नगला में करवाचौथ के दिन एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। गुरुवार को मंगला का शव घर के कमरे में फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी मिलने पर ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगला की शादी दो वर्ष पूर्व अवनीश के साथ हुई थी। बताया गया कि खाना बनाने को लेकर मंगला और उसकी सास विमला देवी के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद मंगला द्वारा फंदा लगाने की बात सामने आई है। वहीं, पति अवनीश ने कहा कि उसका पत्नी मंगला से कोई विवाद नहीं हुआ था।
बताया गया कि अवनीश पिछले कई महीनों से हरिद्वार में एक निजी कंपनी में नौकरी कर रहा था और मंगला भी उसके साथ रहती थी। करीब आठ दिन पहले ही दोनों हरिद्वार से गांव लौटे थे।घटना वाले दिन मंगला करवाचौथ का व्रत रखे हुए थी। इसी दिन उसकी मौत की खबर सामने आने से परिवार और गांव में शोक का माहौल व्याप्त हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर मंगला की बुआ, जो सबलपुर गांव में रहती हैं, मौके पर पहुंचीं। उन्होंने मायके पक्ष को सूचना दी। इसके बाद मायके वाले शाम करीब 4:30 बजे गांव पहुंचे।
सूचना मिलने पर कमालगंज थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार, तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल विवाहिता की मौत के कारणो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही घटना से जुड़ी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेगी।
