मंगलसूत्र का लॉकेट चोरी करने के आरोप में तीन महिलाओं को पकड़ा, कोतवाली में हंगामा
हसनपुर (अमरोहा)। हसनपुर में बृहस्पतिवार को साप्ताहिक बाजार में एक महिला के मंगलसूत्र का सोने का लॉकेट चोरी होने के आरोप में लोगों ने तीन महिलाओं को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मामले की जानकारी पर कोतवाली पहुंचे अधिवक्ताओं और व्यापारी नेता के बीच कहासुनी हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया।
जानकारी के अनुसार, शिवाला रोड निवासी नेहा पत्नी योगेश प्रजापति बृहस्पतिवार को रहरा रोड स्थित मनीहारान कुरेशियान में लगने वाले साप्ताहिक बाजार में खरीदारी करने पहुंची थीं। आरोप है कि इसी दौरान उनके गले से सोने का मंगलसूत्र का लॉकेट चोरी कर लिया गया। घटना के बाद लोगों ने शक के आधार पर तीन महिलाओं को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया।
पकड़ी गई महिलाएं खुद को बेगुनाह बताती रहीं। वहीं, अधिवक्ताओं का कहना था कि महिलाओं के पास से चोरी का सामान बरामद नहीं हुआ है। मामले की जानकारी मिलने पर दर्जनों अधिवक्ता कोतवाली पहुंच गए। इसी दौरान व्यापारी नेता मुकेश गुप्ता भी वहां पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र सरोहा ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। खबर लिखे जाने तक दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिश जारी थी।
