राजभाषा कार्यान्वयन समिति की द्वितीय अर्द्धवार्षिक बैठक संपन्न, सरकारी कार्यों में हिंदी के प्रयोग पर जोर
मैनपुरी (अजय किशोर) नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति वर्ष 2026-27 की द्वितीय अर्द्धवार्षिक बैठक का आयोजन समिति के अध्यक्ष व अग्रणी जिला प्रबंधक रामचन्द्र साहा की अध्यक्षता में किया गया। उन्होंने कहा कि हिंदी केवल अभिव्यक्ति की भाषा नहीं है बल्कि यह व्यापार को समृद्ध करने का सशक्त माध्यम भी है, इसलिए सभी को कार्यालयों में कामकाज के दौरान इसे बढ़ाने का प्रयास करना चाहिए। बैठक में गृह मंत्रालय के क्षेत्रीय कार्यान्वयन कार्यालय के उप निदेशक डॉ. छबिल कुमार मेहेर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि ने सभी सदस्य कार्यालयों को विभागीय कार्यों में हिंदी का प्रयोग बढ़ाने और नराकास के सुचारू संचालन के लिए वर्षभर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित करने के निर्देश दिए। समिति की सचिव प्रियंका गुप्ता ने सभी को अपने कार्यालयों में अधिक से अधिक कार्य हिंदी में करने का संकल्प लेने की सलाह दी और बैठक का संचालन भी किया।
चर्चा के दौरान सभी सदस्यों ने एकमत होकर कार्यालयों में हिंदी का प्रयोग बढ़ाने की प्रतिज्ञा ली। इस दौरान वर्ष 2026-27 के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को उपहार और प्रमाण पत्र वितरित किए गए, जिसमें कुल 20 सदस्य कार्यालयों ने अपनी सहभागिता सुनिश्चित की।
