शमशाबाद/फर्रुखाबाद।
ग्रामीण क्षेत्र के किसानों को खाद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शमशाबाद क्षेत्र के तीन गांवों में बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समितियों का शुभारंभ हवन-पूजन और फीता काटकर धूमधाम से किया गया। शुभारंभ कार्यक्रम में किसान, किसान नेता, सहकारी समिति के पदाधिकारी और अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। समितियों के शुरू होने से किसानों को खाद प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी।
कुइयाखेड़ा में फैजबाग मार्ग पर उमंग पेट्रोल पंप के सामने स्थित सहकारी समिति का हवन-पूजन के बाद फीता काटकर शुभारंभ किया गया। इस दौरान सहकारी चीनी मिल के उपाध्यक्ष जय गंगवार, शमशाबाद सहकारी समिति के अध्यक्ष महेंद्र सिंह राजपूत, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता अजय पालीवाल, फर्रुखाबाद कोऑपरेटिव बैंक के महाप्रबंधक सुनील त्रिपाठी तथा फर्रुखाबाद-कन्नौज कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष कुलदीप गंगवार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
उगरपुर में पहाड़पुर बैरागर मुख्य मार्ग पर विशंभर दयाल की दुकान में सहकारी समिति का फीता काटकर शुभारंभ किया गया। वहीं, नगला बसोला की सहकारी समिति का चौरा गांव में उद्घाटन किया गया।
समितियों में शुभारंभ के समय 100 बोरी यूरिया और 300 बोरी डीएपी खाद उपलब्ध होने की जानकारी दी गई। नगला सेठ के किसान शिवनंदन ने सबसे पहले अंगूठा लगाकर खाद की बोरी प्राप्त की और बिक्री की शुरुआत हुई।
इस मौके पर मदारी गंगवार, किसान नेता हुकुम सिंह, भुवनेश्वर, अभिषेक और सचिव राजीव दुबे सहित कई किसान व सहकारी समिति से जुड़े लोग मौजूद रहे।
