फर्रुखाबाद/
नगर पालिका परिषद फर्रुखाबाद के वार्ड संख्या 06 (रामनगर) स्थित पं. दुर्गा प्रसाद बद्री प्रसाद उच्च माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को संवेदना डेवलपमेंट सोसाइटी की टीम ने स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं को स्वच्छता के महत्व के साथ-साथ आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और स्वस्थ वातावरण तैयार करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में बच्चों को दैनिक जीवन में स्वच्छता अपनाने के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी गई। टीम ने बताया कि घर, विद्यालय और आसपास के सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी जमा होने से मच्छर एवं अन्य हानिकारक जीव पनपते हैं, जिससे कई प्रकार की बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। बच्चों को गंदगी के कारण होने वाले दुष्प्रभावों और उससे बचाव के उपायों के बारे में भी विस्तार से समझाया गया।
अभियान के दौरान बच्चों से अपील की गई कि वे स्वयं स्वच्छता के प्रति सजग रहें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी साफ-सफाई के लिए जागरूक करें। बच्चों को कूड़ा इधर-उधर न फेंकने, कूड़े को निर्धारित स्थान पर डालने तथा अपने विद्यालय और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया।
संवेदना डेवलपमेंट सोसाइटी की टीम ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता से ही स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाया जा सकता है। विद्यालय के प्रधानाचार्य बदन सिंह सहित विद्यालय परिवार ने अभियान की सराहना करते हुए बच्चों को स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

