फर्रुखाबाद न्यूज़:- ट्रांसफार्मर के केबल बॉक्स के पीछे फंसा मिला युवक का सड़ा-गला शव, बदबू ने खोला मौत का राज |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

फर्रुखाबाद/

Ad image

कादरीगेट थाना क्षेत्र के पांचाल घाट इलाके में शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब सब्जी मंडी के पास ट्रांसफार्मर के केबल बॉक्स के पीछे एक युवक का सड़ा-गला शव फंसा मिला। शव से उठ रही तेज दुर्गंध के बाद आसपास के लोगों को मामले की जानकारी हुई। सूचना मिलते ही पांचाल घाट चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और बिजली विभाग की मदद से शव को बाहर निकलवाया।

जानकारी के अनुसार शाम करीब सात बजे सब्जी मंडी के पास लगे ट्रांसफार्मर के केबल बॉक्स के आसपास लोगों को अचानक तेज दुर्गंध महसूस हुई। संदेह होने पर लोगों ने आसपास देखा तो बॉक्स के पीछे युवक का शव फंसा दिखाई दिया। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही कादरीगेट थानाध्यक्ष कपिल चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बिजली के उपकरण के पास शव होने के कारण पुलिस ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बिजली विभाग के लाइनमैन को बुलाया और विद्युत आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद केबल बॉक्स को खोलकर आगे की ओर झुकाया गया, तब कहीं जाकर शव को बाहर निकाला जा सका।

पुलिस के मुताबिक शव काफी फूल चुका था और शरीर पर झुलसने जैसे निशान भी दिखाई दिए हैं। प्रथम दृष्टया शव एक-दो दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। हादसा, करंट की चपेट में आना या कोई अन्य वजह—इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पुलिस जांच कर रही है।

सबसे अहम बात यह है कि मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। आसपास के थानों को भी सूचना देकर गुमशुदगी से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ करने के साथ मृतक की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है।

शव मिलने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। युवक वहां तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत आखिर किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच के बाद ही साफ हो सकेगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पहचान होने के बाद मामले की तस्वीर और स्पष्ट होगी।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *