निर्माण श्रमिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लगातार चलाएं अभियान : सदर विधायक
BOCW की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को वितरित किए चेक और स्वीकृति प्रमाण-पत्र
एटा । उ.प्र. आउटसोर्सिंग कॉरपोरेशन के लोगो एवं वेबसाइट के लोकार्पण कार्यक्रम के अवसर पर बुधवार को जनपद एटा में भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (BOCW) की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक एवं स्वीकृति प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड, नगर पालिका अध्यक्ष सुधा गुप्ता एवं मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र ने पात्र श्रमिकों को लाभ प्रदान किया।
कार्यक्रम में श्रमिकों एवं उनके परिवारों के सामाजिक और आर्थिक कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। सदर विधायक ने कहा कि पात्र निर्माण श्रमिकों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए निरंतर अभियान चलाया जाना चाहिए। उन्होंने श्रमिकों से श्रम विभाग में अपना पंजीयन और नवीनीकरण कराने तथा पात्रतानुसार योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
नगर पालिका अध्यक्ष सुधा गुप्ता ने कहा कि पात्र श्रमिक अधिक से अधिक संख्या में BOCW बोर्ड की योजनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि योजनाओं की जानकारी जरूरतमंद श्रमिकों तक पहुंचाना भी जरूरी है, ताकि कोई पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी राज बाबू ने बताया कि जनपद में निर्माण श्रमिकों के पंजीयन, नवीनीकरण और उन्हें BOCW बोर्ड की विभिन्न योजनाओं से आच्छादित करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। विभाग की ओर से श्रमिकों को पंजीयन, नवीनीकरण और योजनाओं के आवेदन की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ श्रमिकों को पारदर्शी एवं सुगम तरीके से उपलब्ध कराने के लिए विभाग लगातार प्रयासरत है। उन्होंने पात्र निर्माण श्रमिकों से अपना पंजीयन सुनिश्चित कराने और अन्य पात्र श्रमिकों को भी योजनाओं के प्रति जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम में ईओ नगर पालिका निहाल सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी अजय पाल, बीएसए अनुपम अवस्थी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

