मोहम्मदाबाद/फर्रुखाबाद | लगातार हो रही बारिश ने पीपर गांव में एक गरीब परिवार की जिंदगी मुश्किलों में डाल दी। मंगलवार सुबह अचानक एक कच्चा मकान भरभरा कर ढह गया। मकान गिरने की तेज आवाज से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य मकान के अंदर नहीं थे, बल्कि टीन शेड के नीचे सो रहे थे। इससे परिवार के लोग बाल-बाल बच गए और बड़ा हादसा टल गया।

मकान ढहने के बाद परिवार की वर्षों की मेहनत से जुटाई गई गृहस्थी पलभर में मलबे के नीचे दब गई। घर में रखा अनाज, कपड़े, खाने-पीने का सामान और अन्य घरेलू सामान मलबे में दबकर खराब हो गया। पीड़ित अजय गौतम ने बताया कि मकान गिरने से करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
परिवार मेहनत-मजदूरी कर किसी तरह अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। ऐसे में अचानक सिर से छत छिन जाने के बाद परिवार के सामने दो वक्त की रोटी और रहने की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। बारिश के बीच खुले में पड़ा घरेलू सामान भी खराब होने की स्थिति में है।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान कुंतेश यादव ने क्षेत्रीय लेखपाल को मामले से अवगत कराया। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कराकर आर्थिक सहायता दिलाने के साथ ही तत्काल राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।
मलबे में तब्दील हुआ आशियाना, मदद की आस में परिवार
कभी जिस मकान में परिवार अपने बच्चों के साथ चैन की जिंदगी गुजार रहा था, आज वहीं सिर्फ मलबा दिखाई दे रहा है। बारिश ने गरीब परिवार से उसका आशियाना और गृहस्थी दोनों छीन लिए। परिवार को अब प्रशासन से राहत की उम्मीद है कि सरकारी मदद मिल सके, जिससे वह दोबारा अपनी जिंदगी को पटरी पर ला सके।

