ऑपरेशन चक्रव्यूह में कैंट पुलिस की बड़ी कार्यवाही,तीन वाहन चोर गिरफ्तार,चोरी की दस मोटरसाइकिलें बरामद
कैंट पुलिस ने खोला वाहन चोर गिरोह का राज,अर्दली बाजार से शिवपुर तक चोरी की दस बाइक बरामद
(संतोष कुमार सिंह )
वाराणसी:- पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कमिश्नरेट पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन,अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन एवं सहायक पुलिस आयुक्त कैंट के पर्यवेक्षण में थाना कैंट पुलिस टीम ने अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत बड़ी कार्यवाही करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे एवं उनकी निशानदेही पर चोरी की दस मोटरसाइकिलें बरामद की हैं | कैंट पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त अलग -अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करने की घटनाओं में संलिप्त थे | बरामद मोटरसाइकिलों में कई वाहन अर्दली बाजार,मानसिक चिकित्सालय,भोजूबीर तिराहा एवं गिलट बाजार,शिवपुर क्षेत्र से अलग-अलग तिथियों में चोरी किए जाने की जानकारी सामने आई है इस मामले में अग्रिम विधिक कार्यवाही की गयी |
कैंट पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में आयुष कुमार पुत्र मुफत लाल निवासी गौरा प्रेमनगर भोपापुर,थाना चोलापुर वाराणसी उम्र करीब 19 वर्ष, अरविंद उर्फ किशन पुत्र नंदकिशोर गुप्ता निवासी बीन बस्ती,निकट राजेश वेल्डिंग, थाना मंडुआडीह वाराणसी उम्र करीब 21 वर्ष तथा ओम केसरी पुत्र राजेश केसरी निवासी रसूलगढ़ निकट लालजी खोवा थाना सारनाथ वाराणसी उम्र करीब 20 वर्ष शामिल हैं |
*डीएम कंपाउंड के पीछे से हुई गिरफ्तारी*
पुलिस टीम ने तीनों अभियुक्तों को 25 अगस्त 2026 को डीएम कंपाउंड के पीछे स्थित निर्जन स्थान,थाना कैंट क्षेत्र से गिरफ्तार किया | तलाशी एवं पूछताछ के दौरान पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की कुल दस मोटरसाइकिलें बरामद कीं |
*अभियुक्त के खिलाफ दर्ज मुकदमों का विवरण*
गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध थाना कैंट एवं थाना शिवपुर में चोरी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं | पुलिस के अनुसार मामले में मु0अ0सं0 432/2026 एवं 433/2026,धारा 303(2) बीएनएस तथा बढ़ोत्तरी धारा 317(2)/317(4)/317(5) बीएनएस थाना कैंट तथा मु0अ0सं0 377/2026 एवं 432/2026 धारा 303(2) बीएनएस थाना शिवपुर में अभियोग पंजीकृत हैं | वहीं अभियुक्त आयुष कुमार का पूर्व आपराधिक इतिहास भी पुलिस के सामने आया है उसके विरुद्ध थाना कैंट एवं थाना शिवपुर में धारा 303(2),317(2) बीएनएस के तहत वर्ष 2025 में भी मुकदमे दर्ज हैं |
*पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका*
इस कार्यवाही में प्रभारी निरीक्षक थाना कैंट राज किशोर पाण्डेय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह,उपनिरीक्षक सत्मय यादव,महिला उपनिरीक्षक संजना सिंह,कांस्टेबल अतुल कुमार पाण्डेय, कांस्टेबल बुद्धि सागर मिश्रा तथा रिजर्व कांस्टेबल राकेश कुमार भारती शामिल रहे |
एसीपी कैंट अपूर्व पाण्डेय ने बताया कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्यवाही लगातार जारी रहेगी | वाहन चोरी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही करते हुए उनके नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया गया | कैंट पुलिस की इस कार्यवाही से वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है ||

