फर्रुखाबाद न्यूज़:- कुल्हाड़ी-टकोरा से युवक पर हमला, सात टांके लगे; रास्ते के पुराने विवाद ने लिया खूनी संघर्ष का रूप |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
4 Min Read

शमशाबाद/ फर्रुखाबाद/

Ad image

रास्ते के पुराने विवाद को लेकर अमलेया आशानंद गांव में देर शाम दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडे और धारदार हथियार चल गए। मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर में गंभीर चोट आने पर सात टांके लगाए गए। हालत गंभीर देखते हुए उसे सीएचसी शमशाबाद से लोहिया अस्पताल और बाद में हायर सेंटर रेफर किया गया। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी विकास देर शाम रास्ते से गुजर रहे थे और मोबाइल पर किसी से बातचीत कर रहे थे। बातचीत के दौरान उनके मुंह से निकली गाली को पड़ोसी मेसर अली और उनके साथ मौजूद लोगों ने अपने लिए समझ लिया। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले।

घायल विकास का आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने उन्हें घेरकर लाठी-डंडों के साथ धारदार हथियार और कुल्हाड़ी से हमला किया। हमले में उनके सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। सिर में गंभीर चोट के कारण सात टांके लगाए गए। हालत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने उन्हें पहले लोहिया अस्पताल और फिर हायर सेंटर रेफर कर दिया।

एक साल से चल रहा था रास्ते का विवाद

विकास के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच रास्ते को लेकर करीब एक वर्ष से विवाद चला आ रहा है। आरोप है कि मेसर अली ने रास्ते की ओर अपनी दीवार तिरछी बना रखी है, जिससे आवागमन में परेशानी होती है। इसी पुराने विवाद और रंजिश को लेकर पहले भी दोनों पक्षों में तनातनी होती रही है। घायल पक्ष का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते मामूली कहासुनी को बहाना बनाकर उस पर हमला किया गया।

वहीं मारपीट में दूसरे पक्ष के मेसर अली को भी सिर में चोट लगी है। उनका उपचार सीएचसी शमशाबाद में कराया जा रहा है। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर आरोप लगाए जा रहे हैं।

ASP ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी

घटना की जानकारी मिलने के बाद अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने लोहिया अस्पताल पहुंचकर घायल विकास से बातचीत की और घटना की जानकारी ली। अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थानीय पुलिस से घटनाक्रम की जानकारी ली।

शमशाबाद थानाध्यक्ष सचिन चौधरी ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हो गई है। दोनों पक्षों के बीच रास्ते को लेकर विवाद है। मुकदमा दर्ज कर प्रकरण की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों का कहना है कि रास्ते के विवाद को लेकर लंबे समय से दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ था। समय रहते विवाद का समाधान नहीं होने पर मामला हिंसक झड़प तक पहुंच गया। अब पुलिस की कार्रवाई पर सभी की नजर है। पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की जा रही है।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *