फर्रुखाबाद न्यूज़:- भूख हड़ताल का 7वां दिन: 8 अगस्त से जल त्याग करेंगे श्यामबिहारी अवस्थी |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
4 Min Read

रिपोर्ट गोपाल सक्सेना |

अमृतपुर/फर्रुखाबाद |

तहसील अमृतपुर क्षेत्र के ग्राम बलीपट्टी रानीगांव निवासी सामाजिक कार्यकर्ता श्यामबिहारी अवस्थी का विभिन्न जनहित एवं व्यक्तिगत शिकायतों के निस्तारण की मांग को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुक्रवार को लगातार सातवें दिन भी जारी रहा। अनशनकारी का कहना है कि इससे पूर्व वह 21 मई से 1 जून 2026 तक लगातार 12 दिनों तक अन्न-जल मुक्त अनशन पर रहे थे। उस समय प्रशासन द्वारा उनकी मांगों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद उन्होंने अनशन स्थगित कर दिया था, लेकिन अपेक्षित प्रगति न होने के कारण उन्होंने 1 अगस्त से पुनः अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी।

श्यामबिहारी अवस्थी द्वारा प्रशासन को दिए गए प्रार्थना पत्रों के अनुसार उन्होंने लंबे समय से विभिन्न शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण की मांग उठाई है। उनके प्रार्थना पत्रों में समाधान दिवस में प्रस्तुत शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई, आईजीआरएस एवं अन्य माध्यमों से भेजे गए प्रार्थना पत्रों के नियमानुसार निस्तारण, ग्राम पंचायत स्तर से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच, सार्वजनिक मार्ग एवं जल निकासी से संबंधित समस्याओं का समाधान, सरकारी भूमि एवं सुरक्षित श्रेणी की भूमि से जुड़े मामलों पर नियमानुसार कार्रवाई तथा शासन की नीतियों के अनुरूप लंबित प्रकरणों के निस्तारण की मांग प्रमुख रूप से शामिल है।

दस्तावेजों के अनुसार अनशनकारी ने यह भी अनुरोध किया है कि विभिन्न विभागों से संबंधित मामलों की पारदर्शी जांच कराकर यदि कहीं अनियमितता पाई जाती है तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने जनहित से जुड़े संपर्क मार्ग, सार्वजनिक आवागमन, जल निकासी तथा ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों पर भी प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है।

श्यामबिहारी अवस्थी का कहना है कि उन्होंने पिछले कई वर्षों में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों को ज्ञापन, पंजीकृत डाक, ई-मेल तथा आईजीआरएस के माध्यम से कई प्रार्थना पत्र भेजे हैं। उनका कहना है कि इन शिकायतों के संबंध में कई बार पत्राचार और संपर्क करने के बावजूद उन्हें अभी तक संतोषजनक समाधान नहीं मिल सका है। इसी कारण उन्होंने पुनः आंदोलन का रास्ता अपनाया है।

अनशनकारी ने बताया कि 1 अगस्त से शुरू हुए वर्तमान अनशन के सात दिनों के दौरान किसी भी प्रशासनिक अधिकारी ने अनशन स्थल पर पहुंचकर उनकी कुशलक्षेम नहीं पूछी और न ही किसी स्तर पर वार्ता हुई। उन्होंने कहा कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से चल रहा है तथा उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाना नहीं, बल्कि अपनी शिकायतों का नियमसम्मत एवं निष्पक्ष समाधान कराना है।

श्यामबिहारी अवस्थी ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं हुई तो वह 8 अगस्त (शनिवार) की शाम से जल का भी त्याग कर देंगे। उन्होंने कहा कि इसके बाद भी उनका अनिश्चितकालीन अनशन तब तक जारी रहेगा, जब तक उनकी शिकायतों पर ठोस एवं संतोषजनक कार्रवाई प्रारंभ नहीं हो जाती।

समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान या प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी थी।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *