रिपोर्ट गोपाल सक्सेना |
राजेपुर /फर्रुखाबाद |
इटावा-बरेली हाईवे पर रामगंगा पुल के पास सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 40 वर्षीय ग्रामीण उदयवीर की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं मौके पर पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी नोंक-झोंक और हंगामा देखने को मिला।

घास काटकर लौटते समय हुआ हादसा
थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम डबरी निवासी उदयवीर (40 वर्ष) पुत्र तुलाराम सुबह अपने जानवरों के लिए खेत से घास काटकर पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान इटावा-बरेली हाईवे पर रामगंगा पुल के पास तेज गति से आ रही बाइक (संख्या- UP 30 BX 2904) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उदयवीर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
टेंपो में तोड़फोड़, पुलिस की गाड़ी को भी देना पड़ा धक्का
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाने की जल्दबाजी में गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर खड़े एक टेंपो में तोड़फोड़ कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
इस बीच पुलिस और परिजनों के बीच तीखी बहस हो गई। पुलिस ने एक निजी टेंपो की मदद से घायल को सीएचसी राजेपुर ले जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में टेंपो खराब हो गया। इसके बाद पुलिसकर्मियों को खुद धक्का देकर टेंपो चालू कराना पड़ा।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर पहुंचने पर डॉ. हिमांशु राजपूत ने प्राथमिक उपचार के बाद उदयवीर की नाजुक हालत को देखते हुए 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल लोहिया रेफर कर दिया। लोहिया अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उदयवीर को मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक उदयवीर तीन भाइयों में सबसे छोटे थे, बड़े भाई रामविलास और दूसरे नंबर पर गणेश प्रसाद हैं। वे अपने पीछे पत्नी सरोजिनी, दो पुत्रियां अंशिका व शिवांशी और एक छोटा बेटा कार्तिक छोड़ गए हैं। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
पुलिस जांच में जुटी
मृतक के भतीजे ब्रजकिशोर के अनुसार, हादसा अंजाम देने के बाद बाइक चालक खेतों की तरफ भाग निकला। हालांकि, बाइक पर सवार एक महिला और बच्चे को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। सूचना मिलने पर अमृतपुर सीओ आलोक कुमार ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

