लोकलाज से परे प्रेम का दुखद अंत: आम के पेड़ पर लटके मिले युवक-युवती के शव
जनरल फोर्स / संवाददाता
Etah News : जनपद एटा के थाना मलावन क्षेत्र स्थित गांव पुरा में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब गांव के बाहर एक आम के पेड़ पर युवक और युवती के शव संदिग्ध परिस्थितियों में लटके मिले। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
सूचना पाकर क्षेत्राधिकारी सकीट कृतिका सिंह एवं थाना प्रभारी आर.के. सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्राथमिक जांच में मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार युवती चार बच्चों की मां थी, जबकि युवक लगभग 25 वर्ष का था और कुछ माह पूर्व ही उसका विवाह हुआ था। बताया जाता है कि दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और समाज की परवाह किए बिना वे एक-दूसरे के करीब आ गए।
मंगलवार को दोनों के शव एक ही दुपट्टे/साड़ी के सहारे पेड़ से लटके मिले। घटना आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण, इसे लेकर पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही घटना का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
फिलहाल गांव में शोक और चर्चा का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की गहन पड़ताल में जुटी हुई है।
