केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ
*पूर्व सांसद राजवीर सिंह एवं जनप्रतिनिधियों ने फीता काटकर किया उद्घाटन*
एटा । केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेश सरकार द्वारा संचालित समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत जिला पंचायत परिसर स्थित जनेश्वर मिश्र सभागार प्रांगण में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ आज मा० पूर्व सांसद राजवीर सिंह राजू भैया, ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, विधायक मारहरा वीरेन्द्र सिंह लोधी एवं भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता द्वारा फीता काटकर किया गया।
इस अवसर पर अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की तथा प्रदर्शनी का विस्तृत अवलोकन किया। प्रदर्शनी में केन्द्र सरकार के विगत 12 वर्षों के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में प्राप्त उपलब्धियों के साथ-साथ प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी एवं लोकहितकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा आमजन के जीवन स्तर में सुधार हेतु किए गए प्रयासों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है।
अतिथियों ने प्रदर्शनी का निरीक्षण करते हुए योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा परिसर में स्थापित सेल्फी स्टैंड पर फोटो खिंचवाकर कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख शीतलपुर पुष्पेंद्र सिंह लोधी, महामंत्री सुशील कुमार गुप्ता, आशीष राजपूत,संगठन के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं तथा जनहित में किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। प्रदर्शनी में योजनाओं से संबंधित साहित्य, सूचना सामग्री एवं जन-जागरूकता संदेश भी प्रदर्शित किए गए हैं।
जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि यह प्रदर्शनी आगामी तीन दिनों तक आमजन के लिए खुली रहेगी। नागरिक अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों एवं लोकहितकारी कार्यों की जानकारी प्राप्त करें तथा पात्रतानुसार विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाएं।
