उधारी के रुपये मांगने पर सोशल मीडिया पर बदनाम करने की धमकी,व्यापारी ने पुलिस से की एफआईआर की मांग
(संतोष कुमार सिंह )
वाराणसी । चेतगंज क्षेत्र के एक सर्राफा व्यापारी ने एक महिला और उसकी कथित मां पर उधारी के रुपये न लौटाने तथा सोशल मीडिया पर झूठा वीडियो प्रसारित कर बदनाम करने का आरोप लगाया है | मामले में अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) से शिकायत कर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की गई है | शिकायतकर्ता दिव्यांशू सेठ निवासी रसूलपुर (पांडेयपुर) ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया है कि वह श्री बालाजी गोल्ड इंटरप्राइजेज के निदेशक हैं | उनके अनुसार 16 मार्च 2026 को उनकी चेतगंज थानाअन्तर्गत स्थित दुकान से वैश्नवी और राजकुमारी नामक दो महिलाओं ने सोना-चांदी के आभूषण खरीदे | आरोप है कि खरीदारी के दौरान 40 हजार रूपये का भुगतान बाद में करने का आश्वासन दिया गया | शिकायतकर्ता का कहना है कि वैश्नवी ने राजकुमारी को अपनी मां बताते हुए 10–15 दिनों में शेष राशि देने का भरोसा दिलाया था जिस पर विश्वास कर उधार दे दिया गया |
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कई महीने बीत जाने के बावजूद बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया | 28 जुलाई को जब वैश्नवी दुकान पर आई और उससे रुपये मांगे गए तो उसने कथित तौर पर रुपये भूल जाने की बात कहते हुए शिकायतकर्ता और उसके परिवार को सोशल मीडिया पर बदनाम करने की धमकी दी | शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसके बाद इंस्टाग्राम और फेसबुक पर उनकी दुकान,परिवार और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से वीडियो प्रसारित किए गए |
दिव्यांशू सेठ ने पुलिस अधिकारियों से मामले की जांच कर वैश्नवी और राजकुमारी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई एवं एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है दूसरे पक्ष का बयान अपेक्षित है ||
