19 साल के युवक का शव खेत में पेड़ से लटका मिला |

2 Min Read

शमशाबाद |

थाना क्षेत्र में धनी नगला गांव के रहने वाले 19 वर्षीय युवक बृजेश राजपूत ने कथित तौर पर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। रविवार सुबह उसका शव घर से करीब 400 मीटर दूर खेत में एक पेड़ से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।

परिवार का सहारा था बृजेश, मजदूरी करके चलाता था घर

परिजनों के अनुसार बृजेश राजपूत अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था और मेहनत-मजदूरी करके परिवार का सहारा बना हुआ था। बताया जा रहा है कि वह कुछ दिन पहले ही नौकरी की तलाश में जयपुर गया था और चार दिन पहले वापस घर लौटा था। बृजेश की अभी शादी भी नहीं हुई थी।

रात को अचानक घर से निकला, सुबह मां को नहीं मिला बेटा

रात परिवार के सभी सदस्य सो गए थे। उसी दौरान देर रात बृजेश अचानक घर से बाहर निकल गया। रात करीब 3 बजे उसकी मां पिंकी देवी की आंख खुली तो बृजेश घर में नहीं मिला। परिवार ने आसपास काफी तलाश की और आवाज भी लगाई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।

सुबह खेत में पेड़ से लटका मिला शव, पुलिस ने शुरू की जांच सुबह पिंकी देवी खेत की ओर गईं, जो घर से करीब 400 मीटर दूर है और जहां समरसेबल लगा हुआ है। वहां उन्होंने देखा कि बृजेश का शव एक पेड़ से रस्सी के सहारे लटका हुआ है। यह देख परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर शमशाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *