रिपोर्ट गोपाल सक्सेना |
अमृतपुर/फर्रुखाबाद।
आगामी जनगणना को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए तहसील प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में उपजिलाधिकारी श्वेता साहू एवं तहसीलदार अभिषेक सिंह की अध्यक्षता में तहसील क्षेत्र के समस्त कोटेदारों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना के प्रति लोगों को जागरूक करने, स्व-गणना की प्रक्रिया समझाने और प्रगणकों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि 16 नवंबर से 30 नवंबर तक नागरिकों के लिए स्व-गणना की प्रक्रिया निर्धारित की गई है। इस दौरान लोग स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद एक जनवरी से चार जनवरी तक जनगणना कार्य के लिए क्षेत्र में पहुंचने वाले प्रगणकों को कोटेदारों से सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने कहा कि कोटेदार अपने-अपने क्षेत्र में लोगों को जनगणना के महत्व और स्व-गणना की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दें, जिससे अधिक से अधिक लोग निर्धारित अवधि में अपनी स्व-गणना पूरी कर सकें।
बैठक के दौरान जनगणना में पूछे जाने वाले सभी 40 प्रश्नों की सूची भी कोटेदारों को वितरित की गई। इसका उद्देश्य उन्हें जनगणना से संबंधित सवालों की जानकारी देना है, ताकि जरूरत पड़ने पर वे ग्रामीणों को सही जानकारी देकर जागरूक कर सकें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, इसलिए इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है।
इसके साथ ही प्रशासन की ओर से ग्राम प्रधानों के साथ भी बैठक आयोजित कर उनसे जनगणना कार्य में सक्रिय सहयोग की अपील की जाएगी। ग्राम प्रधानों के माध्यम से गांवों में लोगों तक जनगणना से जुड़ी जानकारी पहुंचाने और स्व-गणना के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों, कोटेदारों और संबंधित कर्मचारियों के समन्वय से जनगणना की प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराना है।
बैठक में उपजिलाधिकारी श्वेता साहू, तहसीलदार अभिषेक सिंह, पूर्ति निरीक्षक अमृतपुर नेहा गुप्ता,रजिस्टॉर कानून गो जनगणना महावीर श्रीवास्तव, कंप्यूटर ऑपरेटर रेहान सहित तहसील क्षेत्र के समस्त कोटेदार उपस्थित रहे।
