फर्रुखाबाद।
जिले में बिजली की लाइनों और ट्रांसफॉर्मरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के विद्युत उपकरण चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। शमशाबाद थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरोह के सदस्य बेहद शातिर तरीके से वारदातों को अंजाम देते थे। पहले मोटरसाइकिल से सुनसान इलाकों में जाकर बिजली की नई लाइनों की रेकी करते और जिन लाइनों में अभी तक विद्युत आपूर्ति शुरू नहीं हुई होती थी, उन्हें अपना निशाना बनाते थे। इसके बाद रात के अंधेरे में तार काटकर गायब हो जाते थे।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में बिजली के तार और ट्रांसफॉर्मर चोरी की कई घटनाओं का खुलासा हुआ है। गिरोह के सदस्य केवल बिजली के तार ही नहीं चुराते थे, बल्कि ट्रांसफॉर्मरों को भी निशाना बनाते थे। ट्रांसफॉर्मर से तेल और कीमती कॉपर निकालकर उसे बेच देते थे और चोरी से मिलने वाली रकम आपस में बांट लेते थे।
नई बिजली लाइनें थीं गिरोह के निशाने पर
जांच में सामने आया कि आरोपी मोटरसाइकिल से अलग-अलग क्षेत्रों में घूमकर ऐसी नई बिजली लाइनों की तलाश करते थे, जिनमें अभी करंट चालू नहीं हुआ हो। इससे उन्हें तार चोरी करने में आसानी होती थी। मौका देखकर रात में तार काट लिए जाते थे। गिरोह के सदस्य चोरी किए गए तार और अन्य विद्युत उपकरणों को लोडर की मदद से एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाते थे। इसके बाद उन्हें बेचकर मोटी रकम कमाते थे।
तीन थाना क्षेत्रों में 32 से अधिक पोल के तार चोरी
पुलिस के मुताबिक गिरोह ने शमशाबाद, मोहम्मदाबाद और कमालगंज क्षेत्र में कई घटनाओं को अंजाम दिया था। आरोपियों ने 32 से अधिक बिजली के खंभों से तार चोरी किए थे। इसके अलावा एक निजी ट्यूबवेल के ट्रांसफॉर्मर को भी निशाना बनाकर उसका कीमती सामान चोरी किया था। लगातार हो रही इन घटनाओं से विद्युत विभाग को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था।
लोडर, बाइक, तार और तांबे का जखीरा बरामद
पुलिस टीम ने आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही चोरी के सामान की बड़ी खेप बरामद की है। इसमें एक लोडर, दो मोटरसाइकिलें, हाईटेंशन बिजली के तारों के बंडल, केबल से भरे छह बोरे, करीब चार किलोग्राम तांबा, कटर मशीन, तराजू और ट्रांसफॉर्मर का तेल शामिल है। बरामदगी से पुलिस को गिरोह की गतिविधियों के संबंध में अहम साक्ष्य मिले हैं।
सात आरोपी गिरफ्तार, पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी आए सामने
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सबलू, आमिर, आसिम, बीपी सिंह, लाल बहादुर, तस्लीम और संजय गंगवार के रूप में की है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। अब पुलिस इनसे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने जिले के अन्य किन इलाकों में बिजली के तारों और ट्रांसफॉर्मरों को निशाना बनाया है तथा चोरी का सामान किन लोगों को बेचा जाता था।
