फर्रुखाबाद |
1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक चलेगा विशेष चेकिंग अभियान प्रत्येक स्कूल वाहन की होगी चेकिंग
एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत के अनुसार फर्रुखाबाद जनपद के समस्त विद्यालयों को परिवहन विभाग तथा शिक्षा विभाग द्वारा विकसित पोर्टल पर प्रत्येक स्कूल वाहन का विवरण भरना होगा। इसके साथ ही उन्हें एक शपथ पत्र भी अपलोड करना होगा, जिसमें पोर्टल पर भरे गए वाहनों की सत्यता प्रमाणित करनी होगी। पोर्टल पर प्रत्येक वाहन का विवरण उसकी फिटनेस, परमिट,प्रदूषण प्रमाण पत्र तथा बीमा की वैधता अंकित होगी। ड्राइवर के ड्राइविंग लाइसेंस एवं ड्राइवर के चरित्र सत्यापन का विवरण भी अपलोड किया जाएगा। इसके अतिरिक्त विद्यालय परिवहन सुरक्षा समिति की बैठकों की सूचना आदि का विवरण भी भरा जाएगा,जो विद्यालय यह विवरण नहीं भरेंगे , उनके विरुद्ध संबंधित शिक्षा बोर्ड द्वारा कार्यवाही की जाएगी।
जनपद फर्रूखाबाद में विद्यालयों के नाम 486 वाहन पंजीकृत हैं। वर्तमान में 130 वाहनों की फिटनेस समाप्त हो गई है, जिनमें से 33 वाहन 15 वर्ष से अधिक पुराने हैं, जबकि स्कूली वाहनों की आयु सीमा 15 वर्ष है। 218 वाहनों के परमिट समाप्त है। शासन के निर्देशानुसार दिनांक 01 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक स्कूली वाहनों के विरूद्ध अभियान चलाया जायेगा, जिसके अन्तर्गत जिलाधिकारी महोदय द्वारा निर्देशित किया गया कि सभी अनफिट स्कूल वाहनों को पुलिस एवं परिवहन विभाग सीज करे तथा बीएसए तथा डीआईओएस ऐसे स्कूलों के विरूद्ध मान्यता समाप्त कराने तथा एफआईआर कराने की कार्यवाही करायें।
अतः ऐसे सभी विद्यालय संचालक जिनके वाहन नष्ट हो गए हैं एवं संचालन में नहीं है, उनके पंजीयन प्रमाण पत्र निरस्त कराना सुनिश्चित करें तथा बिना फिटनेस संचालित वाहनों की फिटनेस कराना सुनिश्चित करें ताकि विधिक कार्रवाई से बचा जा सके।
