गैस सिलेंडर भरवाने एजेंसियों पर उमड़ी भारी भीड़, लाइन में लगकर अपनी बारी का इन्तज़ार करते उपभोक्ता,

4 Min Read

कायमगंज/

कई दिनों से पडोसी देशों में चल रहे युद्ध के कारण भविष्य में गैस किल्लत की उड़ी अफवाह।

एजेंसियों पर लगी लंबी कतारें, बुकिंग के बाद भी नहीं मिल रही पर्ची।

नेटवर्क और केवाईसी के नाम पर उपभोक्ताओं को किया जा रहा परेशान।

डीएसओ ने किया स्पष्ट- जिले में गैस की कोई कमी नहीं, अफवाहों पर न दें ध्यान।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे युद्ध के कारण भविष्य में रसोई गैस (LPG) की कमी होने की आशंका से इन दिनों शहर के उपभोक्ता दहशत में हैं। इसी अफवाह के चलते जिले की विभिन्न गैस एजेंसियों पर सिलेंडर बुक कराने वालों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। हालात यह हो गए हैं कि लोग घंटों लाइन में लगने के बाद भी बिना सिलेंडर या पर्ची के बैरंग लौटने को मजबूर हैं। वहीं, आपूर्ति विभाग और एजेंसी संचालकों ने किसी भी प्रकार की गैस की कमी से साफ इनकार किया है।

अव्यवस्था और धक्का-मुक्की का माहौल शहर निवासी सलीम खान ने बताया कि एजेंसियों पर इतनी भीड़ है कि कर्मचारी पासबुक तक जमा नहीं कर रहे हैं। मोहल्ला खटकपुरा सिद्दीकी के मुवीन और गंगानगर के धर्मवीर कुशवाहा ने बताया कि वे दो घंटे से अधिक समय तक लाइन में लगे रहे, फिर भी बुकिंग नहीं हो सकी। आरोप है कि कुछ लोग जबरन लाइन में घुस रहे हैं जिससे अव्यवस्था फैल रही है।

सब्जी मंडी तिकोना चौकी से आए अशोक कुमार भारद्वाज ने बताया कि बुकिंग तो हो गई है, लेकिन एक घंटे बाद भी पर्ची नहीं काटी गई। वहीं, नौलक्खा निवासी एक ग्राहक की परेशानी और भी बड़ी थी; उनका कहना था कि ढाई घंटे खड़े रहने के बाद जब बड़ी मुश्किल से पर्ची मिली, तो एजेंसी पर सिलेंडर ही खत्म हो गए।

नेट न चलने और केवाईसी के नाम पर टालमटोल

शहर के पल्ला स्थित एक गैस एजेंसी पर भीकमपुर निवासी नसरीन को अंदर से यह कहकर लौटा दिया गया कि ‘इंटरनेट (नेट) नहीं चल रहा है।’ वहीं, अपनी माताजी की पासबुक की केवाईसी कराने पहुंचे सत्येंद्र सिंह को बताया गया कि अभी केवल बुकिंग करने वाला कर्मचारी मौजूद है, केवाईसी करने वाला व्यक्ति जब आएगा तब काम होगा। सधवाड़ा निवासी सुनील कुमार जैसे कई उपभोक्ता बुधवार से एजेंसी के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन बुकिंग नहीं हो पा रही है।

भीड़ को नियंत्रित करने में जुटे एक होमगार्ड ने बताया कि उसने एजेंसी कर्मियों को लोगों की पासबुक एक साथ जमा कर व्यवस्था बनाने का सुझाव दिया था, लेकिन कर्मियों ने कोई सटीक जवाब नहीं दिया और न ही सहयोग किया।

अधिकारियों ने किया किल्लत से इनकार इस भारी अव्यवस्था के बीच गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि उनके पास गैस का पर्याप्त स्टॉक है और किसी को परेशान होने की जरूरत नहीं है। सर्वर डाउन होने के कारण बुकिंग में कुछ तकनीकी समस्याएं जरूर आई हैं।

इस पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) सुरेंद्र यादव ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा, “जनपद में गैस की कोई समस्या नहीं है। सभी एजेंसियों पर सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।” उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक बुकिंग न करें।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *