25–27 अप्रैल को होमगार्ड भर्ती परीक्षा, प्रशासन ने कसी कमर
एटा। आगामी होमगार्ड भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन स्थित बहुउद्देशीय हॉल में संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ एक समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जानकारी दी गई कि 25 से 27 अप्रैल तक जनपद के 11 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में होमगार्ड भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा के सफल संचालन के लिए सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
एसएसपी ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए, संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए और संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखी जाए। परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने देने और अभ्यर्थियों को शांतिपूर्ण माहौल उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा परीक्षा सामग्री को समय से सुरक्षित रूप से केंद्रों तक पहुंचाने के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।
एसएसपी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और समन्वय के साथ करने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और सकुशल संपन्न हो सके।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध योगेन्द्र सिंह सहित समस्त क्षेत्राधिकारी, उपजिलाधिकारी एवं अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
