एटा पुलिस ने चलाया व्यापक साइबर जागरूकता अभियान
जनरल फोर्स ब्यूरो
एटा। साइबर अपराधों से आमजन को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से एटा पुलिस द्वारा जनपदभर में व्यापक साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन जी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी साइबर नीतीश गर्ग के नेतृत्व में पुलिसकर्मी विभिन्न थाना क्षेत्रों में लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
अभियान के तहत पुलिसकर्मी विद्यालयों, कॉलेजों, बाजारों और ग्राम सभाओं में पहुंचकर छात्र-छात्राओं एवं आमजन को फर्जी कॉल, ऑनलाइन ठगी, फिशिंग लिंक, बैंकिंग फ्रॉड और सोशल मीडिया हैकिंग जैसे साइबर अपराधों के बारे में जानकारी दे रहे हैं। लोगों को सलाह दी जा रही है कि किसी भी अज्ञात कॉल या लिंक पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी, ओटीपी, बैंक संबंधी विवरण अथवा पासवर्ड साझा न करें।
पुलिस ने साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल टोल फ्री नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने तथा www.cybercrime.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत करने की अपील की है।
पुलिस ने लोगों को विशेष रूप से सचेत किया कि किसी परिचित की आवाज में ऑनलाइन पैसे मांगे जाने पर पहले संबंधित व्यक्ति से फोन पर पुष्टि करें। सरकारी अधिकारी या कर्मचारी बनकर सस्ते में घरेलू सामान बेचने के नाम पर किए जाने वाले फर्जी ऑफर से सावधान रहें। अनजान ट्रेडिंग एप या लिंक के माध्यम से निवेश करने से बचें।
जागरूकता अभियान के दौरान यह भी बताया गया कि UPI पिन केवल भुगतान करने के लिए आवश्यक होता है, भुगतान प्राप्त करने के लिए नहीं। बैंक कार्ड का नंबर, सीवीवी, वैधता तिथि और ओटीपी किसी के साथ साझा न करें। अनजान नंबर से भेजी गई फाइलों में APK होने पर उसे डाउनलोड न करें। विदेश में नौकरी के नाम पर आने वाले फर्जी जॉब ऑफर तथा बीमा, लोन और सब्सिडी के नाम पर भेजे जाने वाले संदिग्ध लिंक से भी बचने की सलाह दी गई।
पुलिस ने सोशल मीडिया पर किसी वीडियो या तस्वीर को पोस्ट अथवा फारवर्ड करने से पहले उसकी सत्यता जांचने तथा अपना बैंक खाता कमीशन के लालच में किसी अन्य व्यक्ति को उपलब्ध न कराने की अपील की। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ‘डिजिटल अरेस्ट’ नाम की कोई कानूनी प्रक्रिया नहीं है और पुलिस अथवा कोई अन्य संस्था वीडियो कॉल के माध्यम से गिरफ्तारी नहीं करती।
एटा पुलिस ने आमजन से स्वयं सतर्क रहने और अपने आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने की अपील की है। पुलिस का संदेश है— “सावधानी ही सुरक्षा है, सतर्क नागरिक ही सुरक्षित नागरिक है।”

