संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ
एटा। जिले में विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर से जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली एवं नगर पालिका परिषद एटा की अध्यक्ष सुधा गुप्ता ने किया। दोनों ने जनजागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में सात विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ स्काउट गाइड ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, स्काउट गाइड एवं आमजन को संचारी रोगों की रोकथाम, स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता की शपथ दिलाई गई। रैली के माध्यम से लोगों को घर और आसपास सफाई रखने, जलभराव रोकने तथा मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने का संदेश दिया गया।
जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम में स्वच्छता और जनजागरूकता की अहम भूमिका है। घरों और आसपास पानी जमा न होने दें तथा मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए सामूहिक प्रयास करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान के दौरान निर्धारित गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने और लोगों को रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
नगर पालिका अध्यक्ष सुधा गुप्ता ने भी स्वच्छता के लिए जनभागीदारी को जरूरी बताते हुए लोगों से घर एवं आसपास साफ-सफाई रखने की अपील की। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेन्द्र प्रसाद ने कहा कि संचारी रोगों के लक्षण दिखाई देने पर समय से चिकित्सकीय परामर्श और उपचार लेना आवश्यक है।
अभियान के तहत ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में विभिन्न विभागों के समन्वय से साफ-सफाई, जलभराव की रोकथाम, मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने और जनजागरूकता से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद मिश्र, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुपम अवस्थी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, स्काउट गाइड एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

