मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में विकास कार्यों की मण्डलीय बैठक संपन्न
विद्युत उपभोक्ताओं को बिल भुगतान एवं कनेक्शन री-स्टोरिंग में कोई समस्या न होने दी जाए
शासकीय योजनाओं की आड़ में ’’बहती गंगा में हाथ धोना’’ नहीं किया जाएगा बर्दाश्त
जिलास्तर पर वित्तीय वर्ष में आवंटित बजट का शत-प्रतिशत सदुपयोग किया जाए सुनिश्चित
रैंकिंग सुधार के लिए भौतिक एवं वित्तीय प्रगति को विभागीय पोर्टल पर समयबद्धता से अपलोड कराया जाए
जिलों के एंट्री प्वाइंट्स को साफ-सुथरा और सुसज्जित कराएं, अलीगढ़ में बन रहे तीन स्वागत द्वार
ऑनलाइन शिकायतों के निस्तारण में साक्ष्यों को अपलोड कर गुणवत्तापरक निस्तारण सुनिश्चित कराएं
-संगीता सिंह, आयुक्त, अलीगढ़ मण्डल, अलीगढ़।
अलीगढ़ । आयुक्त अलीगढ़ मण्डल, अलीगढ़ संगीता सिंह की अध्यक्षता में कमिश्नरी सभागार में विकास कार्यों की मण्डलीय समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान मण्डलायुक्त ने प्रीपेड मीटर विद्युत उपभोक्ताओं से लंबित बिल भुगतान की कार्यवाही पर असंतोष प्रकट करते हुए कहा कि विभाग द्वारा बिना किसी पूर्व तैयारी और उच्चाधिकारियों को संज्ञान में लिए बिना कनेक्शन बिच्छेदन की कार्यवाही की, जिससे आमजन को त्योहारों के समय पेयजल समेत अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ा। उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि विद्युत उपभोक्ताओं को बिल भुगतान एवं कनेक्शन री-स्टोरिंग में कोई समस्या न होने दी जाए। उन्होंने मण्डल भर में स्कूली वाहनांे के गुणवत्तापरक संचालन के लिए परिवहन विभाग द्वारा की जा रही कार्यवाही की सतत् मॉनिटरिंग करने के निर्देश देते हुए कहा कि सुनिश्चित किया जाए कि इस प्रकार की दुखद घटना की पुनरावृत्ति न हो।
मण्डलायुक्त ने एटा में घटित घटना का संज्ञान लेते हुए कहा कि सरकार द्वारा शासकीय योजनाएं आमजन के हित के लिए संचालित की जाती हैं, ऐसे में अधिकारी जनहित की योजनाओं में ’’बहती गंगा में हाथ धोना’’ वाली कहावत चरितार्थ न करें। उन्होंने अधिकारियों को सचेत किया कि समाप्त होते वित्तीय वर्ष में अनुचित भुगतान की आड़ में ’’कट’’ वाली स्थिति यदि कहीं पाई जाती है तो कड़ी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि बजट रिव्यू करते रहें, शासन द्वारा आवंटित बजट का शत-प्रतिशत सदुपयोग सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि मण्डल में स्पोर्ट्स स्टेडियम के लिए 50 एकड़ भूमि का चिन्हांकन किया जाना है, जल्द से जल्द चिन्हित कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। बैठक में बताया गया कि मण्डल में 544 डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना की जानी है, जिसमें अलीगढ़ में 204, एटा में 121, हाथरस में 116 व कासगंज में 103 शामिल हैं। उन्होंने डिजिटल लाइब्रेरी के सफल संचालन के लिए सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना में निजी स्कूल, हास्पीटल, फैक्ट्री, होटल एवं अन्य औद्योगिक व व्यावसायिक इकाईयों के पंजीकरण में अलीगढ़ में 65, हाथरस में 52, एटा में 58 व कासगंज में 62 प्रतिशत कार्य होना पाया गया।
सीएम डैश बोर्ड के माध्यम से योजनाओं की बिन्दुवार समीक्षा में मण्डलायुक्त ने सी एवं डी श्रेणी में आने वाली योजनाओं की प्रगति पर कड़ी नाराजगी प्रकट करते हुए कहा निर्देशित किया कि चालू वित्तीय वर्ष में भौतिक एवं वित्तीय प्रगति को विभागीय पोर्टल पर समयबद्धता से अपलोड कराया जाए ताकि मण्डल की रैंकिंग में सुधार हो सके। उन्होंने गेंहू क्रय केंद्रों के साथ ही उसके समुचित भण्डारण के लिए अभी से तैयारियां करने के निर्देश देते हुए कहा कि अन्नदाता को क्रय केंद्रों पर कोई असुविधा न हो और शासन की मंशा के अनुरूप निर्धारित समयावधि में उसका भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि आयुष्मान योजना की प्रगति के लिए मृत्यु, शादी, स्थानान्तरित एवं डाटा मिसमैच वाले लाभार्थियों के चिन्हींकरण कर लिया गया है। उन्होंने अवशेष लाभार्थियों को ग्रामवार मॉनीटर कर प्राथमिकता से लाभान्वित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों से कहा कि जिलों के एंट्री प्वाइंट्स को साफ-सुथरा और सुसज्जित कराएं ताकि आपके जिले में आने वाले आंगतुकों को सुखद अनुभूति हो सके। डीएम अलीगढ़ ने बताया कि जिले की 06 सीमाओं में से 03 पर स्वागत द्वार बनाए जाने की प्रक्रिया गतिमान है। मण्डलायुक्त ने बताया कि मण्डल मुख्यालय से कस्तूरबा गॉधी बालिका विद्यालय के छात्राओं के लिए प्रतिदिन एक-एक शब्द अंग्रेजी व हिंदी का दिया जाता है। उन्होंने निर्देशित किया कि इन शब्दों का संकलन करते हुए अप्रैल माह में एक प्रतियोगिता आयोजित कराई जाए और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कृत भी किया जाए।
आईजीआरएस, ऑनलाइन एवं सीएम हैल्पलाइन से प्राप्त संदर्भों की समीक्षा में अलीगढ़ में तीन माह से लंबित दो प्रकरण व जनपद स्तर से गलत अनुमोदन के अलीगढ़ के तीन व कासगंज का एक प्रकरण पाया गया। असंतुष्ट फीडबैक की समीक्षा में पाया गया कि अलीगढ़ में 1382 के सापेक्ष 567, हाथरस में 620 के सापेक्ष 182, एटा में 348 के सापेक्ष 120 एवं कासगंज में 236 के सापेक्ष 84 शिकायतकर्ता असंतुष्ट हैं। मण्डलायुक्त ने असंतुष्ट फीडबैक की बढ़ती संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में साक्ष्यों को अपलोड कर गुणवत्तापरक निस्तारण सुनिश्चित कराएं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभाग में कार्यरत संविदा कार्मिकों की संविदा का नवीनीकरण एवं सेवा विस्तार नियमानुसार समयबद्धता से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें ताकि किसी भी कार्मिक का होई अहित न हो।
बैठक में डीएम अलीगढ़ संजीव रंजन, डीएम एटा प्रेम रंजन, डीएम हाथरस अतुल वत्स, डीएम कासगंज प्रणय सिंह, जेडीसी मंशाराम यादव डीएफओ श्रद्धा यादव समेत सभी सीडीओ एवं मण्डलीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
