नई दिल्ली। संसद में इस समय मॉनसून सत्र (Parliament Monsoon Session) चल रहा है और तमाम तरह के मुद्दों पर भी सरकार से जवाब मांगा जा रहा है। इसी तरह का एक अहम मुद्दा है 1 जनवरी 2026 से लागू माना जा रहा 8वां वेतन आयोग, जिसका इंतजार देश के लाखों कर्मचारी और पेंशनर्स कर रहे हैं।
सपा से सांसद जावेद अली खान ने संसद में पे कमीशन पर सवाल पूछा और कहा कि सरकार हमें बताए कि वेतन आयोग का काम कहां तक पहुंचा है और कब तक देश में पे कमीशन सैलरी में इजाफे को लेकर आधिकारिक घोषणा करने वाला है? सांसद के इस जवाब पर राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने इसका जवाब दिया और बताया कि सैलरी में इजाफे की घोषणा कब होगी। आइए जानते हैं कि जवाब में क्या कहा गया?
सपा सांसद ने पत्र लिखकर के वित्त मंत्रालय से पूछा कि पे कमीशन का काम कहां तक पहुंचा है? अब तब देश के कितने कर्मचारियों से वेतन आयोग सुझाव ले चुका है, और आखिरकार पे कमीशन अपनी आखिरी रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंपने वाला है?
वित्त मंत्रालय की ओर से राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने पे कमीशन पर जवाब दिया। उन्होंने कहा कि पे कमीशन का गठन 3 नवंबर 2025 को हो गया था। तय नियमों के हिसाब से पे कमीशन अपने हिसाब से काम कर रहा है और नियमों के हिसाब से पे कमीशन सरकार को हर छोटा अपडेट देने के लिए बाध्य नहीं है।
मंत्री ने आगे कहा कि पे कमीशन सभी कर्मचारियों से मुलाकात करके सुझाव ले रहा और सरकार को अपनी अंतिम रिपोर्ट सौंपेगा। पे कमीशन ने 18 महीने का समय मांगा था और गठन से लेकर 18 महीनों के भीतर पे कमीशन अपनी रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंप देगा।
संसद में दिए गए इस जवाब पर AINPSEF के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मंजीत पटेल ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर किया और कहा कि-
सरकार ने फिर एक बार यही स्पष्ट किया है कि नवंबर 2025 में #8CPC के गठन के आधार पर कमिशन अपनी रिपोर्ट 18 महीने के भीतर देगा। इस हिसाब से अप्रैल 2027 से पहले रिपोर्ट सबमिट की जानी है। आठवें पे कमिशन की सिफारिशें 01 जनवरी 2026 से लागू होनी हैं। जबकि कमीशन का गठन ही देरी से हुआ है। ऐसे में रिपोर्ट थोड़ा जल्दी सबमिट करने पर अप्रैल 2027 तक कमीशन की सिफारिशों को लागू किया जा सकता है। अतः हमारी पे कमिशन की चेयरपर्सन से इस संबंध में गुजारिश है कि देश के लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स के हित में रिपोर्ट को जल्द से जल्द सबमिट कर एक नजीर स्थापित करें।
मालूम हो पे कमीशन लगातार कई दौर की बैठकें कर रहा है। पहले चरण की बैठक 10 जुलाई को कोलकाता में खत्म हो चुकी है। अब 7 अगस्त से आयोग दिल्ली में दूसरे चरण की बैठक 7 अगस्त को दिल्ली में होनी है और फिर सितंबर में आयोग चेन्नई में भी बैठक करेगा।
