केंद्रीय रेल मंत्री और कानपुर सांसद ने कानपुर सेंट्रल और आनंद विहार टर्मिनल के बीच नई कानपुर एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई

By
Web Desk
Web Desk हमारी संपादकीय टीम का आधिकारिक प्रोफ़ाइल है, जो विभिन्न स्रोतों से प्राप्त समाचारों का सत्यापन कर उन्हें पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय रूप...
7 Min Read

केंद्रीय रेल मंत्री और कानपुर सांसद ने कानपुर सेंट्रल और आनंद विहार टर्मिनल के बीच नई कानपुर एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई

कानपुर एक्सप्रेस कानपुर को सीधे दिल्ली के प्रमुख मल्टीमॉडल ट्रांजिट गेटवे से जोड़ेगी। कानपुर उत्तर प्रदेश का प्रमुख औद्योगिक, चमड़ा और शैक्षणिक केंद्र है

16 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रेलवे ट्रैक से कानपुर को रेलवे क्रॉसिंग पर दशकों पुरानी यातायात समस्या से स्थायी राहत मिलेगी: अश्विनी वैष्णव

केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव और सांसद श्री रमेश अवस्थी ने आज नई कानपुर एक्सप्रेस की उद्घाटन यात्रा को हरी झंडी दिखाई। यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल और आनंद विहार टर्मिनल के बीच दोनों दिशाओं में संचालित होगी। इस अवसर पर कानपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती प्रमिला पांडेय और अकबरपुर के सांसद श्री देवेंद्र सिंह भोले सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और वरिष्ठ रेलवे अधिकारी उपस्थित थे। नई दैनिक रेल सेवा उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के बीच रेल संपर्क को मजबूत करेगी तथा कानपुर और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को एक अतिरिक्त यात्रा विकल्प उपलब्ध कराएगी।

नई रेल सेवा से प्रमुख औद्योगिक और वाणिज्यिक केंद्रों के बीच संपर्क को बढ़ावा

428 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली इस ट्रेन में 22 आधुनिक एलएचबी कोच होंगे और यह अपने मार्ग में कई महत्वपूर्ण कस्बों तथा आर्थिक केंद्रों को जोड़ेगी। यह रेल सेवा फफूंद के यात्रियों को लाभ पहुंचाएगी, जो औरैया के औद्योगिक क्षेत्रों को सेवा प्रदान करता है। इनमें एनटीपीसी औरैया तथा गेल पाता शामिल हैं। इसके अलावा, यह एक महत्वपूर्ण कृषि केंद्र इटावा और कांच उद्योग के लिए प्रसिद्ध फिरोजाबाद क्षेत्र को संपर्क प्रदान करने वाले टूंडला को भी जोड़ेगी।

यह ट्रेन हाथरस को भी जोड़ेगी, जो हींग प्रसंस्करण, पीतल के बर्तनों और कृषि आधारित उद्योगों के लिए जाना जाता है। इसके साथ ही यह अलीगढ़ को जोड़ेगी, जो ताला उद्योग का एक महत्वपूर्ण केंद्र और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय का घर है। यह खुर्जा से भी संपर्क मजबूत करेगी, जो अपने सिरेमिक और मिट्टी के बर्तनों के उद्योग के लिए प्रसिद्ध है। इसके अलावा, यह रेल सेवा एक महत्वपूर्ण लॉजिस्टिक्स और औद्योगिक केंद्र दादरी को एनसीआर के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में से एक गाजियाबाद से जोड़ेगी और इसके बाद दिल्ली के प्रमुख मल्टीमॉडल परिवहन केंद्र आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी।

क्षेत्रीय विकास और यात्रियों की सुविधा को बढ़ावा

नई रेल सेवा उत्तर प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक, चमड़ा और शैक्षणिक केंद्रों में से एक कानपुर और दिल्ली के प्रमुख मल्टीमॉडल ट्रांजिट गेटवे आनंद विहार टर्मिनल के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित करेगी। यह संपर्क राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से यात्रियों को जोड़ता है। इससे दोनों महत्वपूर्ण शहरी केंद्रों के बीच यात्रा करने वाले कारोबारी पेशेवरों, विद्यार्थियों, श्रमिकों और अन्य यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा में मदद मिलेगी।

श्री वैष्णव ने नई रेल सेवा शुरू होने पर कानपुर की जनता को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस नई रेल सेवा के लिए कानपुर की जनता को शुभकामनाएं दी हैं।

आगामी प्रमुख रेलवे परियोजनाएं

शहर में आगामी रेलवे बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर प्रकाश डालते हुए रेल मंत्री ने कहा कि अनवरगंज और मंधना के बीच 16 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का निर्माण रेलवे क्रॉसिंग पर यातायात जाम की कानपुर की दशकों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान प्रदान करेगा। उन्होंने आगे बताया कि विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) पूरी हो चुकी है और परियोजना के लिए आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त कर ली गई हैं। निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होने की उम्मीद है।

प्रस्तावित बुलेट ट्रेन परियोजना पर रेल मंत्री ने कहा कि बुलेट ट्रेन का उत्तरी कॉरिडोर कानपुर के विकास में एक नया अध्याय खोलेगा। प्रस्तावित कॉरिडोर दिल्ली, आगरा, कानपुर, वाराणसी, लखनऊ और अयोध्या को जोड़ेगा तथा आगे पटना, सिलीगुड़ी और गुवाहाटी तक विस्तारित होगा। बुलेट ट्रेन के परिचालन शुरू होने के बाद दिल्ली और कानपुर के बीच यात्रा का समय घटकर लगभग 1 घंटा 45 मिनट रह जाएगा। लखनऊ और कानपुर के बीच यात्रा में लगभग 27 मिनट लगेंगे, जबकि कानपुर और प्रयागराज के बीच लगभग 1 घंटा 15 मिनट में यात्रा पूरी होगी।

उन्होंने आगे कहा कि हाई-स्पीड रेल संपर्क प्रमुख शहरों के साथ कानपुर के संपर्क को मजबूत करेगा और क्षेत्रीय तथा आर्थिक विकास को बढ़ावा देगा।

कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के बारे में बात करते हुए श्री वैष्णव ने कहा कि कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने चल रहे पुनर्विकास प्रयासों पर प्रकाश डाला और कहा कि आने वाले समय में कानपुर में कई अतिरिक्त रेलवे बुनियादी ढांचा विकास पहल की जाएंगी।

सभा को संबोधित करते हुए श्री अवस्थी ने कहा कि कानपुर के खोए हुए गौरव को वापस लाने का संकल्प अब धरातल पर आकार लेने लगा है। उन्होंने कहा कि कानपुर में बुलेट ट्रेन के ठहराव की घोषणा से शहर के लोगों में अपार खुशी है। उन्होंने कहा कि रेलवे ने अनवरगंज-मंधना रेलवे खंड पर एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण की कानपुरवासियों की लंबे समय से लंबित मांग को मंजूरी दे दी है (2017-18)। श्री अवस्थी ने कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास और कानपुर के नाम पर नई ट्रेन सेवा शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। इस सेवा की शुरुआत भारतीय रेलवे की यात्री संपर्क को मजबूत करने और आधुनिक, आरामदायक तथा विश्वसनीय रेल यात्रा सुविधाएं उपलब्ध कराने की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Subscribe Newsletter

Loading
TAGGED:
Share This Article
Web Desk हमारी संपादकीय टीम का आधिकारिक प्रोफ़ाइल है, जो विभिन्न स्रोतों से प्राप्त समाचारों का सत्यापन कर उन्हें पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय रूप में पहुंचाने का कार्य करती है। हमारा उद्देश्य ताज़ा और महत्वपूर्ण खबरों को समय पर प्रकाशित कर पाठकों को जागरूक एवं सूचित रखना है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *