अमरोहा में मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर के पैर में लगी गोली:गोवध की सूचना पर जंगल में पहुंची पुलिस
जनरल फोर्स ब्यूरो/अमरोहा
अमरोहा के डिडौली कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार-शुक्रवार की देर रात पुलिस और कथित गोतस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हिस्ट्रीशीटर इमरान उर्फ बिहारी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में कॉम्बिंग अभियान चला रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग जंगल में गोवध की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपियों ने कथित तौर पर अवैध तमंचों से फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ आरोपी
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें हिस्ट्रीशीटर इमरान उर्फ बिहारी के बाएं पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से पुलिस ने .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया। इसके अलावा, गोवध के लिए ले जाए जा रहे एक जीवित गौवंशीय पशु को भी सुरक्षित मुक्त कराया गया।
आरोपी पर दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार इमरान उर्फ बिहारी डिडौली थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ गोवध, गैंगस्टर अधिनियम समेत करीब एक दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
