साली से दुष्कर्म करने वाला जीजा गिरफ्तार
अमरोहा में शुक्रवार को बछरायूं थाना पुलिस ने साली से दुष्कर्म के आरोप में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने तहरीर में बताया कि उसकी बड़ी बहन की शादी वर्ष 2020 में फरीदाबाद (हरियाणा) निवासी से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही आरोपी अपनी साली पर गलत नजर रखता था।
पीड़िता के अनुसार, 26 जून 2026 की रात आरोपी अपनी पत्नी के साथ ससुराल आया था। आरोप है कि देर रात करीब दो बजे, जब परिवार के अन्य सदस्य बाहर सो रहे थे, आरोपी उसके कमरे में पहुंच गया। पीड़िता का आरोप है कि उसने पिता और भाई की हत्या की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जाते समय उसने घटना के बारे में किसी को बताने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद पीड़िता कई दिनों तक मानसिक रूप से परेशान और गुमसुम रही। परिजनों ने जब उसकी उदासी का कारण पूछा तो उसने पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार ने बछरायूं थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मुकदमा दर्ज होने के बाद थाना प्रभारी कुलदीप सिंह तोमर के पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक आदेश पांचाल, हेड कांस्टेबल विकास त्यागी, कांस्टेबल दीपक तोमर और कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल रहे।
