नशीला पदार्थ पिलाकर विवाहिता प्रेमी संग फरार:नकदी-जेवर भी ले गई; सभी अचेत, हायर सेंटर रेफर
जनरल फोर्स ब्यूरो/अमरोहा
अमरोहा के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को एक विवाहिता ने अपने मायके के छह सदस्यों को कथित तौर पर पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। परिवार के सभी सदस्य अचेत होने के बाद वह अपने प्रेमी के साथ घर में रखी नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो गई। पुलिस ने सभी पीड़ितों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां गंभीर हालत के चलते उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब 10 बजे विवाहिता ने परिवार के लोगों को पानी पिलाया। पानी पीने के बाद उसकी भतीजी रोहिनी और रोनिका, भाभी सुमन और बेबी तथा भाई रोबिन और गुड्डू एक-एक कर अचेत हो गए। मंगलवार सुबह घर में कोई हलचल न होने पर अन्य परिजनों ने अंदर जाकर देखा तो सभी बेहोशी की हालत में पड़े मिले।
परिजनों का आरोप है कि परिवार के सदस्यों के अचेत होने का फायदा उठाकर विवाहिता अपने गांव के ही प्रेमी के साथ घर में रखी नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो गई।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि विवाहिता की शादी चार वर्ष पहले सैदनगली थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। उसकी तीन वर्षीय बेटी भी है। करीब 15 दिन पहले भी वह अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई थी। उस समय परिजन उसे समझाकर वापस मायके ले आए थे और तभी से वह वहीं रह रही थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी अचेत लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। अस्पताल में परिजनों के बयान दर्ज किए गए। कोतवाल राजेश तिवारी ने बताया कि घायलों का उपचार कराया गया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
