अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़:अमरोहा में एक आरोपी गिरफ्तार, 8 तमंचे और हथियार बनाने के उपकरण बरामद
जनरल फोर्स ब्यूरो/अमरोहा
अमरोहा की रजबपुर थाना पुलिस ने गांव कालाखेड़ा के पास एक खंडहर में चल रही अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया और आठ देशी तमंचे, तीन कारतूस सहित हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। हालांकि, इस दौरान एक अन्य आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा।
पुलिस ने आरोपी मनफुल पुत्र जबर सिंह को गिरफ्तार किया है, जो गांव हैबतपुर, थाना रजबपुर, जिला अमरोहा का निवासी है। उसका फरार साथी शकील गांव सैदपुर इम्मा, थाना नौगावां सादात का रहने वाला है, जिसकी तलाश जारी है।
फैक्ट्री से आठ तैयार तमंचे, कई अधबने तमंचे, हथियार बनाने के उपकरण और अन्य सामग्री बरामद की गई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि यहां तैयार किए गए अवैध हथियारों की आपूर्ति अमरोहा समेत आसपास के जिलों में की जाती थी।
मंगलवार दोपहर मामले का खुलासा करते हुए एसपी लखन सिंह यादव ने इस सफलता पर टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी और इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
