मैनपुरी में अवैध कब्जों पर गरजा बुलडोजर, दुकानदारों के विरोध के बीच हुई बड़ी कार्रवाई
मैनपुरी (अजय किशोर) शहर के सिविल लाइन चौकी और गोला बाजार क्षेत्र में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब नगर पालिका और प्रशासनिक अमला भारी पुलिस बल और बुलडोजर के साथ अतिक्रमण हटाने सड़कों पर उतरा। दरअसल, जिलाधिकारी इंद्रमणि त्रिपाठी के निर्देशों के बाद सड़क किनारे और नालों पर किए गए अवैध कब्जों की लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए यह संयुक्त कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान टीम ने नालों के ऊपर बढ़ाई गई दुकानों, लोहे की जालियों, अवैध सीढ़ियों और रैलिंग को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया।
इस पूरी कार्रवाई के दौरान प्रशासन को स्थानीय दुकानदारों के कड़े विरोध और तीखी नोकझोंक का सामना करना पड़ा। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि प्रशासन पक्षपातपूर्ण रवैया अपना रहा है और बड़े अतिक्रमणकारियों को छोड़कर केवल चुनिंदा दुकानों को निशाना बना रहा है। कार्रवाई में सबसे ज्यादा चर्चा फौजी मेडिकल स्टोर की रही, जहां नाले के ऊपर बनी लोहे की जाली और अवैध रैलिंग को विरोध के बावजूद पूरी तरह ढहा दिया गया। इसके साथ ही, फौजी किराना स्टोर पर प्रतिबंधित पॉलिथीन पाए जाने पर अधिशासी अधिकारी बुद्धि प्रकाश ने तत्काल 10 हजार रुपये का जुर्माना भी किया। तमाम हंगामे और नाराजगी के बीच प्रशासन ने बिना झुके अपनी कार्रवाई को पूरा किया।
