सम्पूर्ण समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 84 शिकायतें पहुंचीं; केवल 3 का मौके पर निस्तारण

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

फतेहगढ़/

आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से शनिवार को ऑफिसर्स क्लब फतेहगढ़ में तहसील सदर का सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कानपुर परिक्षेत्र के उप पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) ने की, जबकि जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक भी मौजूद रहे। समाधान दिवस में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। कुल 84 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से केवल 3 का मौके पर ही निस्तारण किया जा सका।

समाधान दिवस में सबसे अधिक 40 शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं। इसके अलावा पुलिस विभाग की 18, विद्युत विभाग की 5, विकास विभाग की 4, चिकित्सा विभाग की 3, चकबंदी विभाग की 1, लोक निर्माण विभाग की 1 तथा अन्य विभागों से जुड़ी 12 शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकारियों ने शेष 81 शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी प्रक्रिया तक सीमित न रहे, बल्कि प्रत्येक मामले का निष्पक्ष, तथ्यपरक और स्थायी समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता अनिवार्य है। जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण अथवा संयुक्त जांच की आवश्यकता हो, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।

डीआईजी ने पुलिस विभाग से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में आने वाले प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता और संवेदनशीलता से लिया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और प्रत्येक शिकायत पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था के साथ-साथ जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण अत्यंत आवश्यक है।

जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का शीघ्र समाधान और सुशासन का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतों की नियमित समीक्षा की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, उपजिलाधिकारी, तहसील प्रशासन, पुलिस प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण कर आमजन को राहत प्रदान की जाएगी।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *