पुलिस भर्ती परीक्षा का दूसरा दिन शांतिपूर्ण संपन्न, डीएम और एसपी ने परखा व्यवस्थाओं का हाल
मैनपुरी (अजय किशोर) उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस व समकक्ष पदों की लिखित परीक्षा के दूसरे दिन मैनपुरी के सभी 11 केंद्रों पर परीक्षा पूरी तरह सुचितापूर्ण, नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा को पारदर्शी बनाने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निर्बाध रिकॉर्डिंग सुनिश्चित की गई और अभ्यर्थियों को सघन तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया गया। सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं के बीच आयोजित इस परीक्षा के दूसरे दिन की दोनों पालियों में करीब 27 से 30 प्रतिशत अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के दौरान सुरक्षा और नियमों का कड़ाई से पालन कराने के लिए जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा ने खुद मोर्चा संभाला। दोनों अधिकारियों ने प्रथम और द्वितीय पाली में कई परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों और तैनात मजिस्ट्रेटों को सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा की समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। अधिकारियों ने कहा कि सभी कक्षों की घड़ियां आपस में सिंक होनी चाहिए ताकि समय को लेकर किसी भी अभ्यर्थी के मन में संशय न रहे। साथ ही परीक्षा समाप्ति के बाद ओएमआर शीट को बेहद सावधानी से एकत्र करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान विभिन्न केंद्रों पर उपस्थिति की स्थिति भी सामने आई। कुं. आर.सी. कन्या इंटर कॉलेज में पंजीकृत 240 में से 173 और कुं. आर.सी. कन्या महाविद्यालय में 161 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। इसी तरह, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में 384 में से 269 और क्रिश्चियन इंटर कॉलेज में 277 अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। दूसरी पाली में भी आलाधिकारियों ने श्री चित्रगुप्त महाविद्यालय, श्री एकरसानन्द इंटर कॉलेज और श्री चित्रगुप्त इंटर कॉलेज का सघन दौरा कर स्थिति का जायजा लिया, जहां हर गतिविधि पर सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट पैनी नजर रखे रहे।
