पुलिस का ऑपरेशन क्लीन: ओवरलोड टेंपो और डग्गामार वाहनों पर चला डंडा, हड़कंप |

2 Min Read

कायमगंज/फर्रुखाबाद।

नगर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़क हादसों पर रोक लगाने के लिए शुक्रवार को पुलिस ने ट्रांसपोर्ट चौराहे पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अचानक हुई कार्रवाई से ऑटो और टेंपो चालकों में हड़कंप मच गया। कई चालक पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए रास्ता बदलते नजर आए।

अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले दो वाहनों को पुलिस ने सीज कर दिया, जबकि दो ऑटो चालकों के चालान किए गए। वहीं ओवरलोडिंग के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए पुलिस ने करीब आधा दर्जन टेंपो में अवैध रूप से लगाई गई अतिरिक्त सीटों को मौके पर ही हटवा दिया। साथ ही चालकों को निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाने की सख्त हिदायत दी गई।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ आरती सिंह और क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी के निर्देशन में चलाया गया। अभियान की कमान ट्रैफिक प्रभारी सर्वेश कुमार ने संभाली।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में बढ़ रहे सड़क हादसों को देखते हुए यह अभियान चलाया गया है और आगे भी नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

चेकिंग के दौरान ट्रांसपोर्ट चौराहे पर कुछ देर के लिए वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस की सख्ती देखकर कई वाहन चालक गलियों और वैकल्पिक रास्तों से निकलते दिखाई दिए।

स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जाने चाहिए, ताकि हादसों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Subscribe Newsletter

Loading
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *