मैनपुरी पुलिस ने किया अंतर्राज्यीय साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार
मैनपुरी (अजय किशोर) मैनपुरी पुलिस ने आम जनता को लुभावने ऑफर देकर ठगी करने वाले एक बड़े अंतर्राज्यीय गिरोह के विरुद्ध बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में साइबर सेल और साइबर थाना टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ग्राम गड़िया जाने वाले मार्ग से तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह देश के विभिन्न राज्यों में नौकरी दिलाने, निवेश और ट्रेडिंग के नाम पर मासूम लोगों को अपना शिकार बनाता था।
पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान प्रियांशु तोमर पुत्र प्रदीप सिंह, अमन तोमर पुत्र अरविंद कुमार और अवनीश पुत्र स्व. प्रेम कुमार के रूप में हुई है। ये तीनों ही जनपद मैनपुरी के थाना बेबर क्षेत्र के रहने वाले हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे संगठित तरीके से लोगों के साथ धोखाधड़ी करते थे और उससे प्राप्त रकम को आपस में बांट लेते थे। इनके पास से विभिन्न बैंकों के कई खाते मिले हैं, जिनसे जुड़े मामले नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज हैं।
पुलिस ने अभियुक्तों के पास से 16,180 रुपये की नकदी, तीन मोबाइल फोन, एक एटीएम कार्ड और दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम में निरीक्षक संतोष कुमार सिंह, उपनिरीक्षक रोहिताश सिंह और साइबर सेल के अन्य मुख्य आरक्षी व आरक्षी शामिल रहे। पुलिस अब इन अभियुक्तों के बैंक खातों के जरिए गिरोह के अन्य नेटवर्क और उनके द्वारा की गई अन्य ठगी की वारदातों की जांच कर रही है।
