डीएम का शिक्षा व्यवस्था पर सख्त निरीक्षण अभियान जारी, मिरहची खंड कार्यालय की गंदगी पर जताई नाराजगी
एटा।
जनपद एटा में शिक्षा व्यवस्था और आंगनबाड़ी केंद्रों की जमीनी स्थिति पर निगरानी के लिए जिलाधिकारी अरविंद सिंह द्वारा लगातार औचक निरीक्षण जारी हैं।
आज उन्होंने विकासखंड शीतलपुर की ग्राम पंचायत असरोली स्थित प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मध्यान्ह भोजन, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति और शैक्षिक गतिविधियों की जानकारी ली।
निरीक्षण में पाया गया कि आंगनबाड़ी केंद्र ‘ए’ में 55 में से 45 और केंद्र ‘बी’ में 60 में से केवल 25 बच्चे उपस्थित थे। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यकर्ताओं को शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
असरोली विद्यालय परिसर की सफाई और शैक्षिक वातावरण संतोषजनक पाए जाने पर जिलाधिकारी ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कक्षा-6 की छात्रा गुंजन की प्रशंसा की, जिन्होंने 19 का पहाड़ा सही ढंग से सुनाया। शिक्षक रिचा गुप्ता के प्रयासों को भी सराहते हुए उन्होंने कहा कि विद्यालय में सकारात्मक और अनुशासित माहौल बच्चों के बौद्धिक और शैक्षिक विकास में सहायक है।
इसके बाद जिलाधिकारी ने मॉडल विद्यालय प्राथमिक विद्यालय मिरहची का निरीक्षण किया। यहां छात्र संख्या के अनुपात में केवल 60 प्रतिशत उपस्थिति पाई गई। जिलाधिकारी ने शिक्षकों को चेतावनी देते हुए कहा कि अभिभावकों से नियमित संपर्क कर छात्र उपस्थिति बढ़ाने हेतु विशेष अभियान चलाया जाए।
निरीक्षण के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय का भी जायजा लिया गया। कार्यालय परिसर में फैली गंदगी देखकर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और खंड शिक्षा अधिकारी अंकित मिश्रा से स्पष्टीकरण लिया। इसके साथ ही उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी के माध्यम से विभागीय कार्यवाही के आदेश दिए।
साथ ही, कार्यालय में कनिष्ठ सहायक सुबेंद्र कुमार की कई दिनों की अनुपस्थिति भी पाई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने कठोर विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने स्पष्ट किया कि शिक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी एवं शिक्षक अपने दायित्वों का पालन पूरी गंभीरता और जवाबदेही के साथ करें।
