विवाद को लेकर तालाब में दिया धक्का: डूबने से मौत, परिज़नों ने बताया सुनियोजित हत्या |

3 Min Read

कमालगंज/फर्रुखाबाद।

थाना क्षेत्र के ग्राम नगरिया देवधरापुर में सोमवार सुबह एक दर्दनाक और संदिग्ध घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। गांव निवासी 40 वर्षीय आदेश पुत्र श्रीकृष्ण का शव गांव के तालाब से बरामद होने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। घटना को लेकर परिजनों ने हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए गांव के ही एक व्यक्ति को जिम्मेदार ठहराया है।

मृतक आदेश मेहनतकश किसान था और खेती करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी सीमा, मां रमा देवी और चार छोटे बच्चे—मनीष (8 वर्ष), नैतिक (6 वर्ष), आयुष (4 वर्ष) और विमान (3 वर्ष) शामिल हैं। अचानक हुई इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों के मुताबिक, आदेश का गांव के इंद्रपाल नामक व्यक्ति से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के दौरान इंद्रपाल ने आदेश को तालाब में धक्का दे दिया, जिससे वह डूब गया और उसकी मौत हो गई। घटना को लेकर परिजन इसे सुनियोजित हत्या बता रहे हैं।

सूचना मिलते ही डायल 112 और कमालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से तालाब में काफी देर तक तलाश अभियान चलाया गया, जिसके बाद आदेश का शव बाहर निकाला गया। शव मिलने के बाद परिजन आक्रोशित हो उठे और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए।

स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने से इनकार कर दिया। सुबह से दोपहर तक शव घटनास्थल पर ही रखा रहा और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने समझाइश देकर माहौल शांत करने की कोशिश की और निष्पक्ष जांच व कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

कमालगंज थाना पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है। गांव में घटना के बाद से तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *