पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने जन-सुनवाई में विद्युत और भूमि विवादों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

By
Web Desk
Web Desk हमारी संपादकीय टीम का आधिकारिक प्रोफ़ाइल है, जो विभिन्न स्रोतों से प्राप्त समाचारों का सत्यापन कर उन्हें पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय रूप...
3 Min Read

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने जन-सुनवाई में विद्युत और भूमि विवादों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

मैनपुरी 25 अप्रैल (अजय किशोर) पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने शनिवार को आयोजित जन-सुनवाई के दौरान आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को उनके त्वरित व गुणवत्तापूर्ण समाधान के कड़े निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए उपभोक्ताओं को राहत देने और स्मार्ट मीटर को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने के लिए ठोस कदम उठाने को कहा।

जन-सुनवाई में सलेमपुर निवासी नरेन्द्र सिंह ने शिकायत की कि प्रधानमंत्री सहज बिजली हर घर योजना के तहत मीटर लगने के बाद भी पोल से लाइन नहीं जोड़ी गई, फिर भी विभाग ने 25 हजार रुपये का बिल भेज दिया। इस पर मंत्री ने अधीक्षण अभियंता को तत्काल जांच कर राहत प्रदान करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में स्मार्ट मीटर की स्थापना पर अग्रिम आदेश तक रोक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्मार्ट मीटर के प्रति लोगों की आशंकाएं दूर करने के लिए विद्युत उपकेंद्रों पर कैंप लगाए जाएं और स्मार्ट मीटर के साथ समानांतर सामान्य मीटर लगाकर रीडिंग ली जाए ताकि पारदर्शिता बनी रहे। भीषण गर्मी को देखते हुए उन्होंने निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, खराब ट्रांसफार्मर तत्काल बदलने और निजी नलकूपों को निर्धारित अवधि में बिजली देने के निर्देश दिए।

भूमि विवादों के मामलों पर संज्ञान लेते हुए मंत्री ने राजस्व अधिकारियों से कहा कि आवंटित पट्टों पर पट्टेदारों का ही कब्जा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पैमाइश और कब्जा दिलाने के बाद पुनः भूमि पर अतिक्रमण किया जाता है, तो ऐसे लोगों को भू-माफिया के रूप में चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए। जन-सुनवाई में अवैध कब्जे, आवास योजना में लाभ, और विद्युत लाइन तोड़े जाने जैसी दर्जनों शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को अगले सप्ताह तक निस्तारण आख्या प्रस्तुत करने का आदेश दिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe Newsletter

Loading
TAGGED:
Share This Article
Web Desk हमारी संपादकीय टीम का आधिकारिक प्रोफ़ाइल है, जो विभिन्न स्रोतों से प्राप्त समाचारों का सत्यापन कर उन्हें पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय रूप में पहुंचाने का कार्य करती है। हमारा उद्देश्य ताज़ा और महत्वपूर्ण खबरों को समय पर प्रकाशित कर पाठकों को जागरूक एवं सूचित रखना है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *