मैनपुरी में अक्षय तृतीया पर बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता अभियान
मैनपुरी /आजय किशोर। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में जिला प्रोबेशन विभाग द्वारा जनपद में बाल विवाह के विरुद्ध एक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत शीतला माता मंदिर, काली माता मंदिर और देवी रोड स्थित मैरिज होम में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं, पुरुषों और बच्चों को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बाल विवाह एक कानूनी अपराध है, जिसके लिए कठोर कारावास और जुर्माने का प्रावधान है। जनसामान्य को प्रोत्साहित करते हुए बताया गया कि यदि वे कहीं भी बाल विवाह होते देखें, तो तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, महिला हेल्पलाइन 181 या आपातकालीन सेवा 112 पर सूचना दें। विभाग द्वारा यह भरोसा दिलाया गया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इसके अतिरिक्त, महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए पंपलेट का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर संरक्षण अधिकारी अल्का मिश्रा, चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर राजीव कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता विनीता सिंह और आउटरीच कार्यकर्ता महेश्वर सक्सेना सहित विभागीय टीम मौजूद रही।
