तेज़ रफ्तार कार जनरेटर से टकराई, वन विभाग के इंस्पेक्टर की दर्दनाक मौत
मैनपुरी (अजय किशोर)। जनपद के थाना बरनाहल क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम इकहरा में एक भीषण सड़क हादसे ने कोहराम मचा दिया। दिहुली मार्ग पर तेज गति से आ रही एक होंडा सिटी कार (UP 80 FW 1886) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक जनरेटर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जनरेटर उछलकर कार पर गिर गया, जिसके बाद कार पास के नीम के पेड़ से जा भिड़ी। इस दर्दनाक हादसे में कार चला रहे वन विभाग करहल के 42 वर्षीय इंस्पेक्टर विपिन कुमार यादव की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक मूल रूप से आगरा के कैलाश नगर के निवासी थे।
हादसे के दौरान कार में सवार 12 वर्षीय बालक दिव्यांश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सैफई रेफर किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार में दो अन्य युवक छोटू और अमरेश भी सवार थे, जो दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस अब उन परिस्थितियों का पता लगा रही है जिनकी वजह से यह भीषण हादसा हुआ।
