फर्रुखाबाद।
अमृतपुर की एक प्रमुख सड़क की बदहाल स्थिति एक बार फिर सामने आई, जब सोमवार को सड़क पर भरे गंदे पानी और गहरे गड्ढों के चलते एक कार फंस गई। यह सड़क इस कदर जर्जर हो चुकी है कि इसके ऊपर ही नाले का पानी बह रहा है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को गड्ढे दिखाई नहीं देते और आए दिन लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं।
बताया गया कि करीब 700 मीटर लंबा यह मार्ग अमृतपुर-बदायूं रोड से मंत्री जी के आवास तक जाता है। सड़क के दोनों ओर घनी आबादी है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों को भी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे बीमारियों का खतरा लगातार बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस सड़क के निर्माण को लेकर जिला पंचायत सदस्य अजय कुमार सिंह चौहान उर्फ लल्ला भैया द्वारा भी पहल की गई, लेकिन विभागीय उलझनों के चलते अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। कुछ लोग इसे मंडी समिति के अंतर्गत बताते हैं, तो वहीं कुछ का कहना है कि लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा इसका निर्माण कराया जा सकता है।
गौरतलब है कि जिलाधिकारी फर्रुखाबाद द्वारा भी इस सड़क का संज्ञान लिया जा चुका है, बावजूद इसके अब तक स्थिति जस की तस बनी हुई है। मौके पर कस्बावासी प्रशांत अग्निहोत्री, विकास पटवा, तानु सक्सेना, गौरव सहित कई लोग मौजूद रहे और जल्द सड़क निर्माण की मांग उठाई।
