भोजपुर विधायक की आढ़त में शॉर्ट-सर्किट से लगी भीषण आग, महत्वपूर्ण समान जलकर राख

2 Min Read

भोजपुर विधायक की आढ़त में शॉर्ट-सर्किट से लगी भीषण आग, महत्वपूर्ण समान जलकर राख

फर्रुखाबाद की सातनपुर मंडी में मंगलवार रात एक बड़ा हादसा सामने आया है। यहाँ भोजपुर क्षेत्र के विधायक नागेंद्र सिंह राठौर की आढ़त में अचानक आग लग गई। गनीमत यह रही कि समय रहते दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, इस अग्निकांड में आढ़त में रखे जरूरी कागजात और फर्नीचर जलकर पूरी तरह खाक हो गए।

आलू का होता है बड़ा कारोबार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर की यह आढ़त सातनपुर मंडी परिसर में एक टीन शेड के नीचे स्थित है। यहाँ से ‘मेसर्स अजय एंड ब्रदर्स’ और ‘एमपी ब्रदर्स’ के नाम से आलू का बड़े पैमाने पर कारोबार किया जाता है। वर्तमान में इस पूरे कारोबार की देखरेख विधायक के पुत्र अजय राठौर उर्फ ‘कल्लू’ करते हैं।

सुरक्षाकर्मियों की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा घटना देर शाम की बताई जा रही है। मंडी के गेट पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने अचानक आढ़त के अंदर से धुआं और आग की तेज लपटें उठती देखीं। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए उन्होंने तुरंत संबंधित अधिकारियों और फायर ब्रिगेड (दमकल विभाग) को इसकी सूचना दी।

शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है कारण सूचना मिलते ही दमकल की टीम दल-बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और पानी की बौछार कर आग बुझाने का काम शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से नियंत्रण पा लिया गया। हालांकि, जब तक आग बुझी, तब तक आढ़त के अंदर रखा अहम रिकॉर्ड, फर्नीचर और अन्य सामान जल चुका था।

अधिकारियों द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में आग लगने का मुख्य कारण ‘शॉर्ट सर्किट’ बताया जा रहा है। मामले की आगे की जांच की जा रही है।

Subscribe Newsletter

Loading
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *