कायमगंज |
पांच दिन पहले अटैना पुल के पास बाइक की भिड़ंत में गंभीर रूप से घायल हुए 40 साल के युवक की कानपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजन जब शव लेकर घर लौट रहे थे, तो उन्हें युवक की सांसें चलने का आभास हुआ। आनन-फानन में उसे सीएचसी लाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जनपद कासगंज के थाना पटियाली के दरियावगंज गांव निवासी रवि प्रकाश 27 मार्च को अपनी बाइक से गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। जैसे ही वह अटैना पुल के पास पहुंचे, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि रवि उछलकर काफी दूर जा गिरे, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद परिजनों ने रवि को बेहतर इलाज के लिए कानपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां कई दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच चली जंग के बाद रवि ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। गुरुवार को परिजन शव लेकर गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में उन्हें लगा कि रवि के शरीर में कुछ हलचल है और सांसें चल रही हैं। एक उम्मीद के साथ परिजन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे, लेकिन वहां परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक रवि प्रकाश अपने पीछे पत्नी ईश्वरी देवी और चार मासूम बच्चों जिसमें तीन बेटे व एक बेटी को छोड़ गए हैं। अस्पताल परिसर में पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था, जिसे देख हर किसी की आंखें नम हो गईं।
