फर्रुखाबाद/
शासन के निर्देशों के क्रम में जिला एकीकरण समितियों को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय एकता, भाईचारा, धर्मनिरपेक्षता, लोकतंत्र की भावना तथा सौहार्दपूर्ण वातावरण को निरंतर सुदृढ़ बनाए रखने हेतु जिला एकीकरण समिति का पुनर्गठन किया गया।
इसी क्रम में समिति के सदस्यों की बैठक आज अपरान्ह 12:30 बजे कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में आयोजित की गई।
बैठक मा० जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव जी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में समिति के सदस्य के रूप में मा० विधायक अमृतपुर सुशील कुमार शाक्य , जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला सूचना अधिकारी तथा सदस्य सचिव के रूप में मुख्य विकास अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला स्तरीय धार्मिक समूहों के प्रमुख/प्रतिनिधि के रूप में श्री ईश्वर दास जी महाराज (महर्षि दुर्वासा ऋषि आश्रम), मंगल सिंह ज्ञानी, कन्हैया लाल जैन एवं आसिफ मंसूरी द्वारा प्रतिभाग किया गया। इसके अतिरिक्त शरद चन्देल ,रवीन्द्र भदौरिया जी, रोहित गोयल , डी०एस० राठौर जी,वैभव राठौर , भूपेन्द्र सिंह ,अनिल प्रताप सिंह , सुमन श्वेता दुबे,गुंजा जैन, चित्रा अग्निहोत्री एवं राना हिसाब सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में समिति के उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें राष्ट्रीय एकता, भाईचारा, धर्मनिरपेक्षता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को बढ़ावा देना, साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने हेतु कार्यक्रमों के आयोजन के लिए सुझाव देना, राज्य एकीकरण परिषद के निर्णयों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना तथा देश की सुरक्षा एवं अखण्डता के प्रति जनसहभागिता बढ़ाना शामिल है। साथ ही यह भी विचार किया गया कि साम्प्रदायिकता एवं विघटनकारी शक्तियों को सक्रिय होने से रोकने तथा किसी भी प्रकार के विवाद या तनाव की स्थिति में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु प्रशासन को समय-समय पर आवश्यक सुझाव दिए जाएं और सहयोग प्रदान किया जाए।
बैठक में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक सौहार्द को सुदृढ़ करने हेतु अपने विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए। मा० अध्यक्ष महोदया द्वारा सभी सदस्यों से आगामी बैठक में जिला एकीकरण को और प्रभावी बनाने हेतु ठोस एवं व्यावहारिक सुझाव प्रस्तुत करने का आह्वान किया गया।
