यातायात पुलिस का महा-अभियान: 175 वाहनों के चालान, एक डंपर सीज
मैनपुरी (अजय किशोर)। पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा के निर्देशन में शनिवार को जनपद मैनपुरी में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक नगर/यातायात अरुण कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी यातायात दीपशिखा सिंह की अगुवाई में यातायात प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ ईशान नदी और कुरावली मोड पर सघन चेकिंग की। इस कार्रवाई के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया और अनुशासनहीनता पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की गई।
इस अभियान के अंतर्गत पुलिस ने बिना हेलमेट और तीन सवारी बैठाने वाले 70 वाहनों सहित कुल 175 चालान काटे। कार्रवाई के दौरान एक डंपर को सीज किया गया और विभिन्न यातायात धाराओं के उल्लंघन में कुल 2,26,000 रुपये का जुर्माना किया गया, जिसमें से 80,000 रुपये समन शुल्क के रूप में मौके पर वसूले गए। पुलिस प्रशासन की इस मुस्तैदी से वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा, वहीं अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे।
